अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना के लोगों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। शहर के सबसे व्यस्त और जाम वाले इलाकों में शुमार मीठापुर और करबिगहिया को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए दो बड़े पुल प्रोजेक्ट्स की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 249 करोड़ रुपये की लागत से बने करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर (फेज-1) और मीठापुर से सिपारा तक बने 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूरे पुल का पैदल और गाड़ी से मुआयना किया और वहां की ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया।

स्टेशन रोड और करबिगहिया में नहीं लगेगा लंबा जाम
करबिगहिया गोलंबर से होकर गुजरने वाला यह नया फ्लाईओवर मीठापुर बस स्टैंड को सीधे मीठापुर गोलंबर से जोड़ता है। इस पूरे प्रोजेक्ट में मुख्य फ्लाईओवर के साथ सर्विस रोड और अप्रोच रोड का भी काम पूरा किया गया है। अब तक स्टेशन रोड और करबिगहिया इलाके में गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती थीं, लेकिन इस नए गोलंबर और फ्लाईओवर के चालू होने से ट्रैफिक का दबाव बंट जाएगा। पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर से ट्रेन पकड़ने आने वाले यात्रियों को अब घंटों जाम में फंसने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सिपारा और पुनपुन की राह हुई बेहद आसान
मीठापुर से महुली और पुनपुन जाने वाले रूट पर भी लोगों का सफर अब आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने मीठापुर से सिपारा तक बने 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हिस्से का भी शुभारंभ किया। इस रास्ते पर पहले हर रोज भीषण जाम की स्थिति रहती थी। अब गाड़ियां ऊपर से सीधे निकल जाएंगी, जिससे नीचे की सड़क पर भीड़ कम होगी और लोगों का कीमती समय बचेगा। आगे चलकर जब यह पूरा रास्ता पुनपुन तक जुड़ेगा, तो दक्षिण पटना से बाहर निकलने वालों के लिए एक नया और तेज विकल्प मिल जाएगा।

कई मंत्रियों और बड़े अफसरों की रही मौजूदगी
लोकार्पण के मौके पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक और विधायक अरूण मांझी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम की ओर से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पटना के आईजी जीतेन्द्र राणा, डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा समेत पुल निर्माण निगम के तमाम बड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे।


इसे भी पढ़ें : एक ने पैर गंवाया, दूसरे ने पोलियो को हराया, लहराया परचम… अब दोनों को नवाजेंगे सीएम सम्राट



