अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा पंचायत के टुंगरीडीह में शुक्रवार तड़के मवेशी तस्करी का मामला सामने आया। मवेशियों को लेकर तेज रफ्तार से भाग रही महिंद्रा XUV अचानक अनियंत्रित हो गई। गाड़ी डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी। हादसे के बाद गाड़ी में सवार तीन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने जब दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के अंदर देखा तो तीन मवेशी बुरी तरह बंधे हुए मिले। उन्हें गाड़ी में इतनी तंग जगह में रखा गया था कि बाहर निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि शुक्रवार अहले सुबह टुंगरीडीह के पास अचानक जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां महिंद्रा XUV संख्या JH05AU5222 गहरे गड्ढे में पलटी पड़ी थी। ग्रामीणों के पहुंचने तक गाड़ी में सवार तीन लोग वहां से भाग चुके थे। लोगों ने आसपास उनकी तलाश भी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे दूर निकल गए।
गाड़ी खोली तो बंधे मिले तीन मवेशी, ग्रामीणों ने बचाई जान
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के अंदर का नजारा देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। तीन मवेशियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें गाड़ी के भीतर ठूंसकर रखा गया था। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और मवेशी भी चोटिल हो गए थे। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ता रंजीत प्रजापति भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मिलकर तीनों मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें चारा और पानी दिया गया। उनकी हालत को देखते हुए पशु चिकित्सक को बुलाया गया और मौके पर ही इलाज कराया गया। लोगों का कहना था कि हादसे के बाद अगर समय पर ग्रामीण वहां नहीं पहुंचते तो गाड़ी के अंदर फंसे मवेशियों की जान भी जा सकती थी।
पुलिस ने XUV जब्त की, तस्करों की गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त XUV को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर फरार तीनों लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है। घटना को लेकर बजरंग दल गोला प्रखंड गौरक्षा प्रमुख आशीष शर्मा ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में मवेशी तस्करी का धंधा लगातार चल रहा है। कार्यकर्ताओं ने पहले भी तस्करी में इस्तेमाल होने वाली कई गाड़ियां पकड़कर पुलिस को सौंपी हैं। इसके बावजूद अगर तस्करों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी तो उनके हौसले बढ़ते रहेंगे। आशीष शर्मा ने पुलिस से मामले में शामिल तीनों तस्करों को जल्द गिरफ्तार करने और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है। घटना के बाद टुंगरीडीह और आसपास के गांवों में लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय होने वाली ऐसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : पास्ता खाकर नदी में नहाने उतरे तीन किशोर, दो की मिली ला’शें, तीसरे का सुराग नहीं

