अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश में जनसेवा और स्वच्छता को लेकर योगी सरकार एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान और जन सेवा पर्व का आयोजन किया जाएगा। लखनऊ के संगम भवन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सभी विभागों के आला अफसरों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। सरकार की मंशा इस पूरे आयोजन को केवल सरकारी कागजों तक सीमित न रखकर सीधे आम जनता से जोड़ने की है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल बैठाकर काम करने को कहा गया है।
अफसरों के नंबर होंगे सार्वजनिक, 15 सितंबर तक पार्षदों की बैठक
अभियान के दौरान जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। हर विभाग को एक नोडल अफसर नियुक्त करना होगा और उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक करना होगा, ताकि लोग सीधे संपर्क कर सकें और शिकायतों का तुरंत निपटारा हो सके। इसके अलावा नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के सभागार एक महीने तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के लिए खुले रहेंगे। वार्ड स्तर पर लोगों को जोड़ने के लिए 15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें उन्हें पूरे अभियान की रूपरेखा समझाई जाएगी।
डिजिटल स्क्रीन पर दिखेंगी योजनाएं, सेवा सेतु कैंप से मिलेगा सीधा लाभ
सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए शहरों में लगे डिजिटल बोर्ड और गांवों-कस्बों की डिजिटल लाइब्रेरी का सहारा लिया जाएगा। इन स्क्रीन्स पर संस्कृति विभाग के तैयार किए गए वीडियो चलेंगे, जिनसे लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलेगी। निकायों में ‘सेवा सेतु’ कैंप भी लगाए जाएंगे, ताकि जो लोग अब तक पात्र होने के बावजूद योजनाओं से छूटे हुए हैं, उन्हें मौके पर ही लाभ दिलाया जा सके।
17 सितंबर को दीपोत्सव जैसा माहौल, 25 सितंबर से महासफाई अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को प्रदेश भर में खास माहौल दिखेगा। पीएम आवास और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को इस दिन अपने घरों में दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रमुख सरकारी भवनों, स्कूलों, अस्पतालों और घाटों को रोशनी से सजाया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में लगातार विशेष सफाई अभियान चलेगा। वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाले सभी जिलों में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है कि दिन में स्ट्रीट लाइटें बेवजह न जलें और फॉल्ट की शिकायत आते ही तुरंत ठीक की जाए।
इसे भी पढ़ें : त्योहारों से पहले यूपी की सड़कें होंगी चकाचक, सीएम योगी बोले- खानापूर्ति नहीं, तुरंत…

