अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ की मार झेल चुकी सड़कों को सुधारने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए हैं कि बारिश से टूटी सड़कों को तुरंत चलने लायक बनाया जाए। उन्होंने अफसरों को दो टूक कहा कि अभी बारिश का दौर चल रहा है, इसलिए सड़कों की हालत पर लगातार नजर रखी जाए। जहां भी नई सड़कें टूट रही हैं, उनका फौरन सर्वे कराया जाए ताकि काम में कोई ढिलाई न रहे। सीएम ने जोर देकर कहा कि गड्ढामुक्ति का काम सिर्फ खानापूर्ति या पैचवर्क तक सीमित नहीं होना चाहिए। अभी सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाएं और जैसे ही बारिश पूरी तरह थमे, उनका पक्का नवीनीकरण किया जाए।
त्योहारों वाले 681 रूट प्राथमिकता पर, आम जनता की राह होगी आसान
आने वाले दिनों में गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े पर्व आने वाले हैं। ऐसे में भारी संख्या में लोग सड़कों पर निकलेंगे। सीएम ने कहा कि हर हाल में त्योहारों से पहले जरूरी मरम्मत का काम पूरा होना चाहिए ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। सरकार ने त्योहारों की भीड़ को देखते हुए राज्य भर में 681 महत्वपूर्ण रास्तों की पहचान की है। इन रास्तों पर काम को सबसे पहले पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही जिन रास्तों पर आम जनता का रोज आना-जाना ज्यादा रहता है, जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, मुख्य बाजार और सरकारी दफ्तर, उनके आसपास की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए हैं।
4.36 लाख किमी सड़कें दायरे में, 50 हजार किमी गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य
बैठक में सामने आया कि भारी बारिश के अलावा एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और रेलवे के प्रोजेक्ट्स में चलने वाले भारी वाहनों की वजह से भी ग्रामीण और शहरी सड़कें काफी टूटी हैं। इस पूरे अभियान में 9 अलग-अलग विभागों की करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें शामिल हैं। फिलहाल तय लक्ष्य के हिसाब से करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है, जिसमें से अब तक 5,751 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा 30 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य है, जिसमें से करीब 14 हजार किलोमीटर का काम हो चुका है। वहीं 5 हजार किलोमीटर की विशेष मरम्मत में से लगभग 700 किलोमीटर का काम निपटा लिया गया है। सीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और रफ्तार के साथ काम की क्वालिटी का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी है।
इसे भी पढ़ें : अब न इलाज की फिक्र, न कम मानदेय का दर्द… अयोध्या से सीएम योगी का बड़ा दाव… जानें

