अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में अपने डिजिटल वित्तीय प्लेटफॉर्म JioFinance के कई नए फीचर्स पेश किए हैं। कंपनी ने JioFinance+ और JioFinance360 के साथ भारतीय निर्यातकों के लिए क्रॉस बॉर्डर पेमेंट की सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। इसके अलावा जल्द ही NFC स्मार्टफोन से RuPay Tap & Pay के जरिए संपर्क रहित भुगतान की सुविधा भी मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इन नई सुविधाओं के जरिए ग्राहक अपने खर्च, कर्ज, निवेश और दूसरी वित्तीय जरूरतों को एक ही जगह पर बेहतर तरीके से समझ और संभाल सकेंगे। वहीं, डिजिटल पेमेंट को भी पहले के मुकाबले आसान बनाने की तैयारी है।
JioFinance+ में लोन से गोल्ड तक कई फायदे
JioFinance+ को कंपनी ने सदस्यता कार्यक्रम के तौर पर पेश किया है। इसकी शुरुआत के 365 दिन तक ग्राहकों को यह सुविधा मुफ्त मिलेगी। पात्र पर्सनल लोन लेने वाले ग्राहकों को 5,000 रुपए तक का कैश वैल्यूबैक मिल सकेगा। वहीं, पात्र क्रेडिट कार्ड पर 1,000 रुपए तक का कैश वैल्यूबैक दिया जाएगा। इस योजना में गोल्ड खरीदने पर भी अतिरिक्त फायदा मिलेगा। 2,500 रुपए या इससे अधिक की एकमुश्त JioGold खरीद पर 1% अतिरिक्त JioGold दिया जाएगा। इसके अलावा पात्र लेनदेन पर 25% अतिरिक्त JioPoints मिलेंगे। यानी लोन, क्रेडिट कार्ड और गोल्ड से जुड़े लेनदेन पर ग्राहकों को अलग-अलग तरह के फायदे मिल सकेंगे।
एक जगह दिखेगी पूरी वित्तीय स्थिति
JioFinance360 के जरिए ग्राहक अपनी संपत्ति और देनदारियों से जुड़ी जानकारी एक ही जगह देख सकेंगे। कंपनी के मुताबिक यह सुविधा ग्राहक के खर्च, कर्ज, निवेश, बीमा और टैक्स से जुड़ी जानकारी के आधार पर एक व्यक्तिगत वित्तीय रिपोर्ट तैयार करेगी। इसमें 0 से 100 के बीच Financial Health Score भी दिया जाएगा। इससे ग्राहक को यह समझने में मदद मिलेगी कि उसकी मौजूदा वित्तीय स्थिति कैसी है। इसके साथ ही स्थिति सुधारने के लिए जरूरी सुझाव भी दिए जाएंगे। इससे अलग-अलग वित्तीय जानकारियों को एक जगह समझना आसान हो सकता है।
QR कोड स्कैन किए बिना 2 से 4 सेकंड में भुगतान
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने भारतीय निर्यातकों के लिए क्रॉस बॉर्डर पेमेंट की सुविधा भी शुरू की है। इसके अलावा जल्द ही RuPay Tap & Pay की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके जरिए NFC वाले स्मार्टफोन से संपर्क रहित भुगतान किया जा सकेगा। कंपनी ने JioFinance POS पर UPI Tap & Pay भी शुरू कर दिया है। इसमें ग्राहक को भुगतान करने के लिए QR कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के अनुसार भुगतान महज 2 से 4 सेकंड में किया जा सकेगा। 5,000 रुपए से कम के भुगतान पर पिन डालने की जरूरत भी नहीं होगी।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के एमडी और सीईओ हितेश सेठिया ने कहा कि कंपनी तकनीक की मदद से लोगों और कारोबारियों की वित्तीय जरूरतों को आसान बनाने पर काम कर रही है। उनके मुताबिक नए समाधान ग्राहकों को अपनी वित्तीय स्थिति समझने, उसे बेहतर तरीके से संभालने और डिजिटल भुगतान को आसान बनाने में मदद करेंगे।
इसे भी पढ़ें : मिस्ड कॉल के कोडवर्ड से 5G की उड़ान तक… जियो ने हर हिंदुस्तानी को बना दिया डिजिटल राजा



