अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : झारखंड प्रदेश मदरसा-संस्कृत समन्वय समिति के आह्वान पर जिला मदरसा शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा से पाकुड़ परिसदन में मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मियों ने अपनी पुरानी मांगों को लेकर सांसद को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के सामने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं को रखते हुए साफ कहा कि राज्य के अन्य कर्मियों की तरह उन्हें भी उनका हक मिलना चाहिए।
2018 में बंद हुई पेंशन, हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी विभाग चुप
शिक्षकों ने सांसद को बताया कि साल 2014 में हेमंत सोरेन की सरकार ने मदरसा और संस्कृत विद्यालयों के कर्मियों के लिए पेंशन योजना लागू की थी। इसके बाद 2018 में रघुवर दास की सरकार के समय इस फैसले को रद्द कर दिया गया। सरकार के इस कदम के खिलाफ शिक्षक संघ हाई कोर्ट पहुंचा था। कोर्ट ने शिक्षकों के पक्ष में फैसला सुनाया, लेकिन इसके बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक इस आदेश को लागू करने में सिर्फ हीला-हवाली की जा रही है। शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से सिर्फ कागजी कार्रवाई और आश्वासनों के भरोसे बैठे हैं।

186 मदरसों और 25 संस्कृत स्कूलों के कर्मियों को मिले सातवां वेतनमान
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मांग की कि झारखंड के अन्य मान्यता प्राप्त और अंगीभूत संस्थानों के कर्मचारियों की तरह ही मदरसा और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों को भी सातवें वेतनमान का पूरा लाभ मिलना चाहिए। झारखंड में कुल 186 मदरसा और 25 संस्कृत विद्यालय चल रहे हैं, जहां सैकड़ों शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। संघ ने इन सभी संस्थानों को झारखंड राज्य परियोजना के समग्र शैक्षणिक और वित्तीय ढांचे से जोड़ने की मांग रखी, जिससे स्कूल संचालन और वेतन भुगतान में पारदर्शिता आ सके।
सांसद ने सीएमओ के अधिकारियों से की बात, जल्द मिलेगी राहत
शिक्षकों की समस्याओं को सुनकर सांसद विजय कुमार हांसदा ने इसे बेहद गंभीर बताया। उन्होंने शिक्षकों के सामने ही मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों से फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी दी। सांसद ने संघ को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सीधे मुख्यमंत्री से करवाएंगे, ताकि पेंशन और वेतनमान से जुड़े इस नीतिगत और कानूनी मामले का स्थायी समाधान निकाला जा सके। सांसद के इस सकारात्मक रुख के बाद शिक्षकों ने उनके प्रति आभार जताया और उम्मीद जताई कि इस बार उनकी समस्याएं जल्द दूर होंगी।
इसे भी पढ़ें : त्योहार की सुबह पसरा मातम : कोयल नदी में डूबे 5 दोस्त, 4 की मौत


