अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : अगर आप इस सुहावने मौसम में रांची के वॉटरफॉल्स की सैर करने का मन बना रहे हैं, तो संभल जाइए। जिले और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल समेत तमाम जलप्रपात और डैम खतरे के निशान तक पहुंच गए हैं। पत्थरों से टकराकर बहती तेज लहरें देखने में जितनी खूबसूरत लग रही हैं, उतनी ही खतरनाक भी साबित हो सकती हैं। पानी के इसी रौद्र रूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रशासन का कहना है कि एक छोटी सी चूक भी जान पर भारी पड़ सकती है।
फिसलन भरी चट्टानों के पास जाना मना, अचानक बढ़ सकता है पानी
बरसात की वजह से इन दिनों वॉटरफॉल्स के आसपास की चट्टानें बेहद फिसलन भरी हो चुकी हैं। तेज धार और कभी भी अचानक पानी बढ़ जाने की आशंका के चलते इन इलाकों में खतरा कई गुना बढ़ गया है। इसी को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने पर्यटकों और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे फॉल के मुहाने या किनारों पर न जाएं। प्राकृतिक सुंदरता को केवल सुरक्षित दूरी से ही निहारें। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर ही समय बिताएं।
डैम में बोटिंग पर रोक, नशा करके घूमने वालों पर सख्ती
अधिकारियों ने लोगों को कड़े निर्देश दिए हैं कि मूसलाधार बारिश के दौरान डैम या वॉटरफॉल्स में बोटिंग का जोखिम बिल्कुल न लें। अक्सर देखने में आता है कि लोग मौज-मस्ती के चक्कर में शराब या अन्य नशा करके फॉल के किनारे पहुंच जाते हैं, जो बड़े हादसों की वजह बनता है। इस पर पूरी तरह पाबंदी लगाने को कहा गया है। इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर तैनात ‘पर्यटक मित्र’ और सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों को हर हाल में मानने को कहा गया है। मौसम और प्रशासनिक गाइडलाइंस पर नजर बनाए रखें, ताकि पिकनिक का यह सफर किसी हादसे में न बदल जाए।
इसे भी पढ़ें : चुनाव आयोग बन गया ‘वन-मैन शो’, ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करें : विनोद पांडेय


