अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और बस अड्डों की सूरत बदलने की तैयारी तेज हो गई है। सीएम सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के आला अफसरों ने अब तक की कार्ययोजना का ब्योरा रखा। सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि आम जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। सभी विभाग आपस में तालमेल बैठाएं और तय समयसीमा के अंदर काम पूरा करें।
“आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें, रफ्तार भी बढ़ाएं और काम की गुणवत्ता पर सबसे ज्यादा ध्यान दें।” – सम्राट चौधरी, सीएम, बिहार
स्कूलों में पानी-बिजली और बाउंड्रीवॉल का काम प्राथमिकता पर पूरा करें
सीएम सम्राट चौधरी ने शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में रंग-रोगन, बाउंड्रीवॉल और मरम्मत के काम तुरंत पूरे किए जाएं। बच्चों के लिए साफ शौचालय, पीने का शुद्ध पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिन स्कूलों में कमरों की कमी है, वहां अतिरिक्त क्लासरूम बनाए जाएं और जिन विद्यालयों के पास अपनी इमारत नहीं है, वहां नए भवन का निर्माण प्राथमिकता पर हो। इसके साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के अधूरे निर्माण कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने को कहा।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की जनसेवा के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
#KayakalpAbhiyan #Bihar
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 9, 2026
अस्पतालों में मरीजों के लिए बने वेटिंग एरिया और हेल्प डेस्क
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सीएम को बताया कि जरूरत के मुताबिक नए उप-स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने के लिए वेटिंग एरिया तैयार किए जा रहे हैं और मदद के लिए हेल्प डेस्क भी शुरू किए जा रहे हैं। इस पर सीएम ने निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर अनुमंडल और जिला अस्पतालों तक, हर जगह इलाज के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। मरीजों को किसी भी सूरत में भटकना न पड़े। अस्पतालों में साफ-सफाई के साथ-साथ सभी जरूरी सुविधाएं चौबीसों घंटे दुरुस्त रहनी चाहिए।
बस अड्डों की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटें और चापाकल जल्द ठीक कराने का अल्टीमेटम
सीएम ने आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों पर ध्यान दिलाते हुए नगर विकास और पीएचई विभाग को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस अड्डों से रोजाना लाखों मुसाफिर सफर करते हैं, इसलिए वहां साफ-सफाई, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जाए। शहरों और गांवों में जहां भी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, उन्हें तुरंत चालू किया जाए और जरूरत के मुताबिक नई लाइटें लगाई जाएं। इसके अलावा सार्वजनिक नलकूपों की मरम्मत कराकर उन्हें हर हाल में चालू रखने को कहा, ताकि गर्मी या आम दिनों में लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : ‘सम्राट’ अल्टीमेटम : छोटी मछलियां पकड़ने से काम नहीं चलेगा, पूरा सिंडिकेट करें ध्वस्त



“आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें, रफ्तार भी बढ़ाएं और काम की गुणवत्ता पर सबसे ज्यादा ध्यान दें।” – सम्राट चौधरी, सीएम, बिहार