अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने पंप परिसर में अचानक ताबड़तोड़ चार राउंड गोलियां चलाईं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सन्नाटे के बीच अचानक हुई इस गोलीबारी से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी कर्मचारी को गोली नहीं लगी।
मौके से मिले खोखे, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
वारदात की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर जांच शुरू की, जहां से छानबीन के दौरान कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियां और फायरिंग की पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस अब इन फुटेज को अपने कब्जे में लेकर बारीकी से जांच कर रही है, ताकि बदमाशों के चेहरे और बाइक के नंबर के जरिए उनकी पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें दबोचा जा सके।

रंगदारी के एंगल से छानबीन, कर्मचारियों से भी पूछताछ
पुलिस इस पूरी वारदात को अलग-अलग पहलुओं से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। पुलिस टीम ने पंप पर तैनात कर्मचारियों से भी लंबी पूछताछ की है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि क्या अपराधियों ने गोली चलाने से पहले कोई पर्चा छोड़ा था, धमकी दी थी या किसी तरह की मांग रखी थी।
सभी बिंदुओं पर पड़ताल जारी : ग्रामीण एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि पेट्रोल पंप पर फायरिंग की घटना की गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीम टेक्निकल सेल और मुखबिरों की मदद से अपराधियों के भागने के रूट को ट्रैक करने में जुटी है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी, यह बदमाशों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : 12 किलो नुकीली कीलों की सेज, पेट पर भारी कलश… अनोखी साधना में लीन हैं रूपा देवी


