अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में थानेदार और बड़े साहब मीटिंग में बैठकर शहर को अभेद्य किला बनाने की प्लानिंग करते रहे और उधर बाहर अपराधी अपनी नई योजना पर काम पूरा करके निकल गये। सोमवार की शाम रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर जिले के तमाम पुलिस अफसरों और थानेदारों की लंबी क्लास लगाई थी। अफसरों को सख्त हिदायत दी गई कि सुरक्षा में जरा सी भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी, शोहदों की हेकड़ी निकालने के लिए शक्ति कमांडो मुस्तैद रहेंगी और पंडालों पर तीसरी आंख यानी सीसीटीवी का कड़ा पहरा रहेगा। इधर पुलिस अफसरों ने मीटिंग खत्म कर राहत की सांस ली ही थी कि कुछ ही घंटों बाद कांके में अपराधियों ने कृषि विभाग के एक अफसर के घर डकैती डालकर खलबली मचा दी।
गन पॉइंट पर बंधक बनाया परिवार, 10 लाख कैश और जेवरात ले उड़े
कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में मंगलवार की भोर में हथियारबंद अपराधी कार से कृषि विभाग के अधिकारी रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान पर पहुंचे। अंदर घुसते ही पूरे परिवार को गन पॉइंट पर ले लिया और घर के कोने-कोने को खंगाल डाला। अपराधी आराम से 10 लाख रुपये कैश और लाखों के जेवरात समेटकर उसी कार से फरार हो गए। सुबह-सवेरे हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पीड़ित परिवार इतना सहमा हुआ है कि ठीक से कुछ बोल भी नहीं पा रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी टीम लेकर मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन तब तक अपराधी फुर्र हो चुके थे।
48 घंटे पहले पेट्रोल पंप पर चली थीं गोलियां
कांके इलाके में 48 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। रविवार की देर रात इसी रिंग रोड पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बाहर बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम चार राउंड गोलियां दागी थीं। पुलिस को मौके से खाली खोखे मिले, केस दर्ज हुआ, लेकिन हमलावर पुलिस की पकड़ में नहीं आये। पेट्रोल पंप पर गोली चलाने वाले कौन थे, इसका सुराग पुलिस अभी तलाश ही रही थी कि अपराधियों ने अधिकारी के घर डकैती डालकर सीधे पुलिस के इकबाल को चुनौती दे दी।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में रात के सन्नाटे में फायरिंग, पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां


