अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर राजधानी पटना में भक्ति का माहौल चरम पर दिखा। इस खास मौके पर सीएम सम्राट चौधरी शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में पहुंचे और मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवी भगवती के सामने शीश नवाकर पूरे बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि मां दुर्गे का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे और राज्य विकास के रास्ते पर बिना रुके आगे बढ़ता रहे।
सीएम सम्राट चौधरी ने सबसे पहले जगदेव पथ स्थित मून क्लब के पूजा पंडाल में पहुंचकर मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे बोरिंग रोड में कृष्णा अपार्टमेंट के सामने स्थित भद्र काली मंदिर और फिर बोरिंग रोड चौराहा स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति के भव्य पंडाल में पहुंचे। तीनों जगहों पर उन्होंने विधि-विधान से मां का दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी। पंडालों में मौजूद आम लोगों और श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और सभी बिहारवासियों को दुर्गा पूजा की बधाई दी।

इस दौरान पंडालों में सुरक्षा और व्यवस्था का पूरा ख्याल रखा गया था। पूजा-अर्चना के इस पूरे कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी के साथ विधान पार्षद संजय मयूख भी मौजूद रहे। साथ ही बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और आेआेप कार्तिकेय के. शर्मा समेत पूजा समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



