अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kolkata : कोलकाता के मशहूर चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया। महासप्तमी के पावन मौके पर मां दुर्गा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। तभी शाम करीब 7:40 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने और बाहर निकलने की होड़ में पंडाल के निकास द्वार पर भीषण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 17 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 35 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के फौरन बाद पंडाल को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भारी बारिश के दौरान मची भगदड़ में 17 श्रद्धालुओं की मौत, 35 घायल। पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
#Kolkata #DurgaPuja #KolkataNews #BreakingNews #Chorbagan #LatestNews #TodayNews #WestBengal #NewsUpdate https://t.co/gkDWgFdWVR
— News Samvad (@newssamvaad) October 17, 2026
91 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हादसा
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, गिरिश पार्क थाना क्षेत्र के शारदा पार्क में सजे चोरबागान पूजा पंडाल में शाम से ही भक्तों का तांता लगा हुआ था। अचानक तेज बारिश शुरू होने से बाहर खड़े लोग भी अंदर की तरफ भागे और अंदर मौजूद भीड़ बाहर निकलने की कोशिश करने लगी। इसी आपाधापी में निकास द्वार के पास कुछ लोग फिसलकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पीछे से आ रहा भारी हुजूम खुद को संभाल नहीं पाया और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरबागान सर्वजनीन पूजा के 91 साल के लंबे इतिहास में ऐसा दर्दनाक मंजर पहले कभी नहीं देखा गया। बारिश और फिसलन की वजह से कुछ ही पलों में हालात बेकाबू हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय युवाओं ने घायलों को तुरंत बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
पंडाल की बत्ती बुझाई, आयोजकों से पूछताछ शुरू
हादसे की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कड़े कदम उठाए। पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए। पंडाल की तमाम लाइटें बुझा दी गईं और बाहर निकलने वाले रास्तों को सुरक्षित कर राहत कार्य तेज किया गया। खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खुद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से बात कर घायलों के इलाज की जानकारी ली। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने भी अस्पताल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया। दूसरी ओर, गिरिश पार्क थाने की पुलिस ने पूजा कमेटी के आयोजकों को पूछताछ के लिए तलब किया है, ताकि यह साफ हो सके कि सुरक्षा इंतजामों और भीड़ नियंत्रण में कहां लापरवाही हुई।
The stampede in Kolkata is saddening. Condolences to the bereaved families. Wishing the injured a speedy recovery.
The West Bengal Government is providing all possible help to the affected families.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 17, 2026
पीएम ने की मुआवजे की घोषणा, रविवार को पहुंचेंगे गृह मंत्री
इस बड़े हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और सभी घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। राज्य के राज्यपाल रवि ने भी अनमोल जिंदगियों के जाने पर गहरा दुख जताया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से फोन पर हालात का ब्यौरा लिया। गृह मंत्री ने बताया कि वे रविवार को पश्चिम बंगाल में अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर अस्पताल जाएंगे और घायलों से मिलकर उनका हालचाल जानेंगे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने पंडालों में टेका माथा, बिहार की समृद्धि की मांगी दुआ


