अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hajipur : हाजीपुर के व्यस्त राजेंद्र चौक स्थित मशहूर साहू होटल में खाना खाने वालों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ सामने आया है। होटल की दाल तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद प्रशासन ने कड़ा एक्शन लेते हुए इसका फूड लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही बिना वैध लाइसेंस के होटल चलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
तड़का में मरा हुआ कीड़ा मिलते ही पटना तक पहुंची शिकायत
मामले की शुरुआत तब हुई जब साहू होटल में खाना खाने पहुंचे एक ग्राहक की तड़का वाली कटोरी में मरा हुआ कॉकरोच निकला। ग्राहक ने इस बात का विरोध किया और सीधे पटना स्थित खाद्य संरक्षा आयुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करा दी। आम लोगों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मामले को देखते हुए खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि ने तुरंत जांच के आदेश दिए। इसके बाद वैशाली जिले की खाद्य सुरक्षा टीम 21 अक्टूबर को अचानक जांच करने होटल पहुंच गई।
किचन में फर्श पर पड़ा था खाना, खुले में रखी थी खाने-पीने की चीजें
जब अधिकारियों की टीम होटल के किचन में घुसी तो वहां का नजारा बेहद खराब था। चारों तरफ मक्खियां भिनभिना रही थीं और गंदगी का अंबार लगा हुआ था। जांच में सामने आया कि ग्राहकों को परोसा जाने वाला तैयार खाना खुले में रखा हुआ था और स्टोरेज का तरीका भी बिल्कुल गैर-जिम्मेदाराना था। अफसरों ने पाया कि होटल संचालक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत तय शेड्यूल-4 और बेहतर निर्माण पद्धतियों (जीएमपी) के बुनियादी नियमों का खुला उल्लंघन कर रहे थे।

सुधरने तक नहीं खुलेगा होटल, आदेश जारी
किचन की बदहाली और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को बेहद गंभीर मानते हुए डेजिग्नेटेड ऑफिसर सह लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने 22 अक्टूबर से साहू होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जब तक होटल संचालक सभी मानकों को पूरा नहीं करते, तब तक यहां चूल्हा नहीं जलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी है कि वे अपने यहां सफाई और खाने की शुद्धता पर पूरा ध्यान दें। मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे ही कड़े कदम उठाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : राजधानी के इन नामचीन फूड आउटलेट्स पर छापा, सड़ा पनीर और कीड़े रेंगते ब्रेड मिले



