अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : त्योहारी सीजन शुरू होते ही अगर आप भी पटना के बड़े ब्रांडेड रेस्टोरेंट्स में परिवार के साथ पार्टी करने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल जाइए। जिन चमकदार आउटलेट्स में आप महंगे दामों पर खाना खाते हैं, उनके किचन के भीतर की हकीकत बेहद चौंकाने वाली है। राजधानी पटना में 21 अक्टूबर को खाद्य संरक्षा विभाग की टीमों ने KFC, बारबेक्यू नेशन और पिज्जा हट के कई आउटलेट्स पर एक साथ जोरदार छापेमारी की। इस जांच के दौरान कहीं सड़ा हुआ और बदबूदार पनीर मिला, तो कहीं ब्रेड के पैकेट में जिंदा कीड़े रेंगते दिखे। कई जगहों पर तो फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक साथ ठूंसकर रखा गया था।
सम्राट सरकार सूबे की जनता के स्वास्थ्य को लेकर सजग और संवेदनशील है, इसी आलोक में खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के सख्त निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान के बाद पूरे शहर के रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने न केवल खराब सामग्री को मौके पर नष्ट करवाया, बल्कि सभी लापरवाह आउटलेट्स से सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिए हैं। विभाग ने सभी को अपनी व्यवस्था सुधारने के लिए 14 दिनों का कड़ा इंप्रूवमेंट नोटिस थमा दिया है।
बड़े नामों के किचन में गंदगी का अंबार, सड़ा पनीर और जला तेल कराया गया नष्ट
जांच टीम जब बुद्ध मार्ग स्थित केपी मॉल के फिएस्टा बारबेक्यू नेशन पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। वहां किचन में करीब 11,400 रुपये मूल्य का 30 किलो सड़ा और बदबूदार पनीर रखा हुआ था, जिसे ग्राहकों को परोसने की तैयारी थी। इसके अलावा 4 किलो खराब चावल भी बरामद हुआ। टीम ने इस पूरे सड़े हुए सामान को तुरंत जब्त कर नाले में फिंकवाकर नष्ट कराया। इसी आउटलेट के कोर्ट वॉश एरिया यानी बर्तन धोने की जगह पर 15 किलो पैक्ड चिकन रखा मिला, जिसके इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी गई।
दूसरी तरफ फ्रेजर रोड स्थित वन मॉल के बारबेक्यू नेशन में भी हालात बेहद शर्मनाक मिले। यहां ब्रेड के पैकेट के भीतर कीड़े बिलबिला रहे थे और 20 लीटर पूरी तरह जल चुका काला तेल मिला, जिसे मौके पर ही बर्बाद कराया गया। अधिकारियों ने यहां से फ्रोजन मीट और लाल मिर्च पाउडर के नमूने उठाए। वहीं आशियाना मोड़ स्थित बारबेक्यू नेशन में डीप फ्रीजर का तापमान और रखरखाव नियमों के खिलाफ था। साथ ही इनके फूड लाइसेंस में भी गंभीर गलतियां पकड़ी गईं।
KFC और पिज्जा हट में भी भारी लापरवाही, वेज और नॉनवेज एक साथ रखे
चिकन के लिए मशहूर KFC के आउटलेट्स की स्थिति भी कुछ कम खराब नहीं थी। कंकड़बाग स्थित केएफसी में सबसे बड़ी लापरवाही यह पकड़ी गई कि फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाना बिल्कुल एक साथ सटाकर रखा गया था। इससे शाकाहारी ग्राहकों की धार्मिक भावनाओं और सेहत दोनों के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा था। यहां फर्स्ट इन फर्स्ट आउट नियम का पालन भी नहीं हो रहा था। बोरिंग कैनाल रोड स्थित केएफसी में तो सीढ़ियां पूरी तरह टूटी और गंदी थीं, जहां बदबू फैल रही थी। यहां भी वेज और नॉनवेज एक ही जगह रखा था। इस ब्रांच से औद्योगिक इस्तेमाल वाले 835 पेट ग्लासेस को फौरन सीज किया गया।
बेली रोड केएफसी की रसोई में भयानक गंदगी मिली, जहां से खुले मैदे का सैंपल लिया गया। अनीसाबाद केएफसी की हालत तो और भी बदतर थी। वहां रेस्टोरेंट के टॉयलेट से उठने वाली तीखी दुर्गंध सीधे फूड स्टोरेज एरिया तक पहुंच रही थी और वहां का सैनिटेशन बेहद खराब था। यहां से मेयोनीज का सैंपल लिया गया। वहीं रीजेंट सिनेमा हॉल के पास स्थित केएफसी में मेन्यू चार्ट पर फूड एलर्जी से जुड़ा जरूरी डिस्क्लेमर ही गायब था। इसके अलावा अनीसाबाद स्थित पिज्जा हट में दीवारों पर लगी टाइल्स बेहद गंदी और चिपचिपी पाई गईं, टॉयलेट की सफाई का बुरा हाल था और वहां खुले मैदे का सुरक्षित रख-रखाव नहीं हो रहा था।
सेहत से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त, पूरे शहर में जांच अभियान तेज
खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी रेस्टोरेंट और फूड आउटलेट संचालकों को साफ चेतावनी दी है कि त्योहारी मौसम में मुनाफे के चक्कर में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों को साफ पानी, सुरक्षित किचन, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और सही स्टोरेज सिस्टम का हर हाल में पालन करना होगा।
विभाग ने साफ कर दिया है कि जिन-जिन प्रतिष्ठानों को 14 दिन का नोटिस दिया गया है, मियाद पूरी होने के बाद वहां दोबारा औचक जांच की जाएगी। अगर तय समय के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया, तो इन बड़े ब्रांड्स के लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कानूनी मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। विभाग की टीमें आने वाले दिनों में मिठाई दुकानों, बेकरी और अन्य होटलों पर भी इसी तरह की सख्त छापेमारी जारी रखेंगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में 88% पेंशनधारियों का सत्यापन पूरा, मंत्री बोलीं- एक भी हकदार न रहें वंचित



