अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची की सड़कों पर नशे का काला कारोबार फैलाने वालों को पुलिस ने तीखी चोट दी है। गोंदा थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के पुराने तस्कर प्रशांत सिंह को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी अपनी स्कूटी से नशे की खेप पहुंचाने के लिए निकला था, लेकिन पुलिस ने कांके डैम के पास जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.45 ग्राम शुद्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और पूछताछ के बाद उसे सीधे अदालत में पेश कर दिया।
डैम के रास्ते डिलीवरी देने आ रहा था, घेराबंदी कर पकड़ा
वारंटियों की धरपकड़ और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोंदा थाना की टीम रविवार की रात इलाके में गश्त कर रही थी। रात करीब 10 बजे गश्ती दल को डैम की तरफ एक पुख्ता खुफिया इनपुट मिला। खबर थी कि गांधीनगर का रहने वाला 27 वर्षीय प्रशांत सिंह फिर से नशे की बड़ी खेप लेकर शहर में घुसने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और मामले की जानकारी तुरंत बड़े अफसरों को दी गई। इसके बाद जवानों ने बिना देर किए कांके डैम के गार्डेन वाले मेन गेट के पास मोर्चा संभाल लिया।
रात ठीक 10 बजकर पांच मिनट पर कांके डैम के फाटक की तरफ से एक स्कूटी तेजी से आती दिखी। पुलिस दल ने स्कूटी को पास आते देख उसे रुकने का इशारा किया। खाकी वर्दी देखते ही प्रशांत के हाथ-पांव फूल गए और उसने भागने के लिए स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। हालांकि, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया और भागने का कोई मौका दिए बिना पकड़ लिया।
जेब से पुड़िया फेंकने की फिराक में था, डीएसपी के सामने खुला राज
स्कूटी रुकवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने जब उससे पूछताछ शुरू की, तो उसने अपना नाम गांधीनगर फेज वन स्थित ब्लैक डायमंड अपार्टमेंट निवासी प्रशांत सिंह बताया। नाम-पता पूछने के दौरान ही उसने चुपके से अपने काले ट्राउजर की बाईं जेब में हाथ डाला और कुछ बाहर फेंकने की कोशिश करने लगा। सतर्क जवानों ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया। मादक पदार्थ होने के पूरे अंदेशे के बीच पुलिस ने कानून के मुताबिक उसे किसी राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी कराने का विकल्प दिया।
प्रशांत ने डीएसपी के सामने अपनी तलाशी कराने पर सहमति जताई। इसके बाद मौके पर सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा को बुलाया गया। डीएसपी की मौजूदगी में जब आरोपी की जेब की तलाशी ली गई, तो उसके काले ट्राउजर की बाईं जेब से रबर बैंड में लिपटी प्लास्टिक की एक पुड़िया निकली। पुलिस ने जब मौके पर मौजूद ड्रग टेस्टिंग किट से उस सफेद पाउडर की जांच की, तो वह 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर निकली। पुलिस ने बरामद माल, स्कूटी और उसके वनप्लस मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
दो बार पहले भी जेल जा चुका है, अब नई धाराओं में केस
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि प्रशांत सिंह कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि वह इलाके का आदतन नशा तस्कर है। वह इससे पहले भी गोंदा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो अलग-अलग मुकदमों में जेल की हवा खा चुका है। वर्ष 2021 और फिर 2023 के अंत में भी वह ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में पकड़ा गया था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से वही पुराना धंधा शुरू कर दिया था। गोंदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में नया केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा और उनकी पूरी टीम शामिल रही।
इसे भी पढ़ें : खतियान में मुंडा की जगह लिख दिया ‘स्वासी’, सीएम हेमंत बोले- जल्द होगा सुधार



