अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्णब अब तेजी से ताकतवर होकर तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार रात अपना ताजा बुलेटिन जारी करते हुए आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के तटों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। यह गंभीर चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान अठारह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। इस समय यह सिस्टम पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद है और लगातार मजबूत हो रहा है।
अगले छह घंटे में और खतरनाक रूप लेगा तूफान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह तूफान अगले छह घंटों में और ज्यादा उग्र होकर अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। मौजूदा समय में यह ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 440 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से 430 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और काकीनाडा से 500 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। इसके अलावा मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर और बापटला से 680 किलोमीटर दूर समंदर में बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 अक्टूबर की शाम तक यह तूफान इसी दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की तरफ मुड़ेगा।

28 अक्टूबर की सुबह तट से टकराने की आशंका
तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह या दोपहर से पहले आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की पूरी संभावना है। यह लैंडफॉल बापटला और विशाखापट्टनम के बीच, खास तौर पर यनम के बिल्कुल पास एक अति गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में होगा। तट से टकराते समय हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रशासन ने संभावित तबाही को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें : नशा मुक्त बिहार से लेकर महापर्व तक… CS ने तमाम DM को दिये सख्त निर्देश



