अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से राजधानी रांची में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार मूसलाधार बारिश की आशंका जताते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों, मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में गंभीर जलजमाव का संकट खड़ा हो सकता है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। रांची डीसी मंजुनाथ भजंत्री ने सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिया है कि वे 24 घंटे स्थिति पर नजर रखें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
निचले इलाकों और फसलों पर मंडराया संकट, प्रशासन अलर्ट
लगातार तेज बारिश से रांची के कच्चे मकानों और झुग्गी बस्तियों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा स्वर्णरेखा सहित आसपास की छोटी-बड़ी नदियों और नालों के उफान पर आने से निचले रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग ने खेतों में पानी भरने से खड़ी फसलों के तबाह होने की चेतावनी भी दी है। इसे देखते हुए डीसी ने नगर निगम, आपदा प्रबंधन, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व और जल संसाधन विभाग के अफसरों को ग्राउंड जीरो पर मुस्तैद रहने को कहा है। नगर निकाय को शहर के सभी प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों को तुरंत साफ रखने तथा जरूरत पड़ने पर कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में शिफ्ट कराने के आदेश दिए गए हैं। किसानों को भी खेतों से पानी निकालने के लिए कृषि विभाग की ओर से जरूरी सलाह दी जा रही है।
आंधी-तूफान के दौरान घरों में रहें, बिजली के खंभों और पेड़ों से बचें
मौसम के इस बड़े खतरे को देखते हुए प्रशासन ने शहरवासियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। बारिश और तेज आंधी के दौरान बिजली गिरने यानी वज्रपात का सबसे ज्यादा खतरा रहता है, इसलिए बादल गरजते ही लोग किसी पक्के मकान में चले जाएं और खुले में खड़े होने की भूल कतई न करें। तेज हवाओं के झोंके पुराने पेड़ों, बिजली के तारों और बड़े होर्डिंग्स को गिरा सकते हैं, इसलिए इनके नीचे खड़े होने या गाड़ियां पार्क करने से पूरी तरह परहेज करें। जलभराव वाली सड़कों पर वाहन लेकर निकलने से बचें ताकि हादसे का शिकार न हों। आंधी-तूफान के समय शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए घरों के मुख्य स्विच बंद कर दें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग बोर्ड से अलग रखें। प्रशासन का कहना है कि लोग बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आपदा नियंत्रण कक्ष या पुलिस से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें : तीरंदाजी दंगल : ITBP और CISF बनीं चैंपियन, सीएम हेमंत ने बढ़ाया पुलिस के धुरंधरों का हौसला



