अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के होटवार स्थित खेलगांव के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में सोमवार को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का समापन हो गया। इस समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टीमों सहित खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। मैदान में मौजूद देशभर के पुलिस जवानों और तीरंदाजों के खेल कौशल, अनुशासन और जज्बे की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजन की मेजबानी मिलना झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम चमकाने के लिए हौसला बढ़ाया।

निरंतर अभ्यास ही सफलता की चाबी, खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास
समारोह में खिलाड़ियों और पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल केवल जीत या हार तक सीमित नहीं होते। यह इंसान के व्यक्तित्व को निखारने, अनुशासन सिखाने, एकाग्रता बढ़ाने और आत्मविश्वास मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि मैदान पर जो पसीना बहाया जाता है, वही असल जिंदगी में चुनौतियों से लड़ने की ताकत देता है। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से कहा कि वे कभी अपनी मेहनत में कमी न आने दें और निरंतर अभ्यास और पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें। उन्होंने आयोजन समिति की भी पीठ थपथपाई और कहा कि इतने बड़े टूर्नामेंट को सुचारू रूप से कराना काबिल-ए-तारीफ है।

टाटा आर्चरी एकेडमी की अंकिता भकत का विशेष सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की जानी-मानी तीरंदाज अंकिता भकत को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया। एशियाई खेलों में भारतीय तीरंदाजी टीम ने अंकिता की कप्तानी में देश को गोल्ड मेडल दिलाकर इतिहास रचा था। मुख्यमंत्री ने अंकिता की इस ऐतिहासिक कामयाबी की खुलकर सराहना की और कहा कि झारखंड की इस बेटी ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया है। उन्होंने युवा तीरंदाजों से अंकिता के संघर्ष और सफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की।

मैदान पर किसने मारी बाजी, पुरुषों में ITBP और महिलाओं में CISF अव्वल
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम सामने आने के बाद विजेता टीमों में भारी उत्साह देखने को मिला। महिला वर्ग के मुकाबलों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने जबर्दस्त निशाना साधते हुए 37 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला टीम 34 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रही। तीसरे स्थान के लिए असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बीच कड़ा मुकाबला रहा और दोनों टीमों ने 23-23 अंक जुटाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

दूसरी ओर पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के तीरंदाजों का पूरी तरह दबदबा रहा। ITBP की टीम ने 53 अंकों के भारी अंतर से पहला स्थान अपने नाम कर ट्रॉफी उठाई। इस वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रही, जबकि राजस्थान पुलिस की टीम ने 21 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया।
समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की प्रतिनिधि मीणा भारती, एडीजी प्रिया दुबे और एडीजी मनोज कौशिक समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और विभिन्न राज्यों से आए जवान मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : खतियान में मुंडा की जगह लिख दिया ‘स्वासी’, सीएम हेमंत बोले- जल्द होगा सुधार



