अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : अपराध की दुनिया का एक सीधा सा दस्तूर है, जुर्म चाहे कितना भी शातिर तरीके से किया जाए, मुजरिम कोई न कोई सुराग जरूर छोड़ जाता है। रामगढ़ के कुज्जू इलाके में हुए जेबा परवीन मर्डर केस में भी यही हुआ। जिस मौत को एक सामान्य हादसा या आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की जा रही थी, जब उसकी परतों को पुलिस ने उधेड़ा, तो पीछे की कहानी रोंगटे खड़े करने वाली निकली।
संदेह के घेरे में लाश और पुलिस की दस्तक
तारीख 17 अक्टूबर। कुज्जू के रौशन नगर रउता स्थित एक घर से जेबा परवीन नाम की महिला का शव बरामद हुआ। हालात संदिग्ध थे। चेहरे और जिस्म पर ऐसे निशान थे जो किसी अनहोनी की गवाही दे रहे थे। कुज्जू पुलिस को खबर मिलते ही शक की सुई घूमने लगी। पुलिस ने बिना देर किए शव को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रांची से FSL की टीम बुलाई गई, जिसने कमरे के चप्पे-चप्पे से खून के धब्बे और फिंगरप्रिंट जैसे फॉरेंसिक सबूत जुटाए।
अगले ही दिन मृतिका के भाई मो. इमरान ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। साफ आरोप लगा कि पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और ससुराल वालों ने मिलकर साजिश के तहत जेबा को मौत के घाट उतारा है। पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसआईटी का जाल और खुलासे की रात
रामगढ़ के एसपी मुकेश लुनायत ने मामले की नजाकत को भांपते हुए एसडीपीओ आलोक रंजन की कमान में एक एसआईटी गठित कर दी। पुलिस ने मानवीय मुखबिरों और मोबाइल टावर की लोकेशन जैसे तकनीकी डेटा को खंगालना शुरू किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति गुलाम सरवर को उठा लिया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ही उसकी थ्योरी लड़खड़ाने लगी। जब पुलिस ने फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का आईना दिखाया, तो गुलाम टूट गया। उसने जो कबूलनामा किया, उसने पुलिसवालों को भी सन्न कर दिया।
साली से नाजायज रिश्ता, पत्नी का विरोध और फिर…
गुलाम ने बताया कि उसका अपनी ही सगी साली नेहा परवीन के साथ अवैध संबंध चल रहा था। घर की चारदीवारी में पनप रहे इस नाजायज रिश्ते की खबर जेबा को लग चुकी थी। पति और बहन की इस करतूत का जेबा लगातार विरोध कर रही थी, जिसके चलते घर में आए दिन कलह और मारपीट होती थी।
17 अक्टूबर को भी इसी बात को लेकर घर में बवाल हुआ। जेबा ने जब खुलकर विरोध जताया, तो पति और बहन दोनों उस पर टूट पड़े। तीखी नोकझोंक के बीच गुलाम ने आपा खो दिया और जेबा का सिर पकड़कर पूरी ताकत से दीवार पर दे मारा। सिर की हड्डी टूट गई, खून का फव्वारा छूटा और जेबा ने वहीं तड़पकर दम तोड़ दिया।
साली भी गिरफ्तार, दोनों सलाखों के पीछे
मामला सिर्फ पति तक सीमित नहीं था। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए मृतका की बहन नेहा परवीन को भी दबोच लिया। थाने में जब नेहा से पूछताछ हुई, तो उसने भी कबूल कर लिया कि इस पूरी वारदात में वह बराबर की भागीदार थी। जिस बहन के साथ बचपन बीता, उसी की जान लेने में उसके हाथ नहीं कांपे। कुज्जू पुलिस और एसआईटी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एक नाजायज रिश्ते की सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया और रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया।
इसे भी पढ़ें : गैता से सिर कूचकर सो रही पत्नी को उतारा मौ’त के घाट, आरोपी गिरफ्तार



