अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में डाकासाडम मोड़ के पास रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा देखा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान 40 वर्षीय नीलू देवी के रूप में हुई, जो लालपनिया ओपी क्षेत्र के चौड़गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के चंद घंटों के भीतर ही महिला के पति महेंद्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।
रात में हुआ था विवाद, सो जाने के बाद दबा दिया गला
पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, उसके मुताबिक 30 अक्टूबर की रात पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। झगड़े के बाद नीलू देवी जब गहरी नींद में सो गईं, तब गुस्से में आकर महेंद्र मंडल ने उनका गला घोंट दिया। दम घुटने से मौके पर ही महिला की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पति ने हत्या को हादसे या किसी अन्य घटना का रूप देने के लिए शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
टाटा मैजिक से शव ठिकाने लगाने पहुंचा था आरोपित
हत्या के बाद आरोपित ने शव को अपनी लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी (संख्या जेएच 01 सीटी-5368) में लादा। इसके बाद वह देर रात गांव से निकलकर जरीडीह थाना क्षेत्र के डाकासाडम मोड़ के पास पहुंचा और शव को सड़क किनारे फेंककर चुपचाप अपने घर लौट गया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब लावारिस शव पर पड़ी, तब उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी।
पिता की शिकायत पर कार्रवाई, वाहन भी जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता रामेश्वर मंडल थाने पहुंचे। उन्होंने दामाद महेंद्र कुमार मंडल सहित नरेश साव और मालती देवी के खिलाफ हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मुख्य आरोपित महेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई टाटा मैजिक गाड़ी को भी जब्त कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : प्राचीन पहाड़ी मंदिर में चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद



