अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरुडीह स्थित गोविंदपुर इलाके में बीती रात एक 32 साल की बेवा महिला की छुरा और पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान राधिका स्वयान के रूप में हुई है। वारदात रात करीब 10 बजे हाट के पास उस वक्त हुई जब वह अपने घर लौट रही थी। सुनसान रास्ते में हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और संभलने का मौका दिए बिना ताबड़तोड़ छुरा चला दिया। चीख-चीत्कार सुनकर जब तक लोग मौके पर दौड़ते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। सड़क पर खून से लथपथ पड़ी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पेट और गर्दन पर किए वार, पत्थर से भी हमला
हमले के दौरान राधिका की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने देखा कि वह सड़क पर तड़प रही थी। इसके बाद तुरंत उसकी सास बसंती सिंकू को घटना की खबर दी गई। सूचना मिलते ही बसंती दौड़ते हुए मौके पर पहुंचीं और बहू को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से राधिका को एक टेंपो में लादा और सीधे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर भागीं। अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों और पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के पेट और गर्दन पर चाकू के तीन से चार गहरे घाव मिले हैं। इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने महिला को संभलने न देने के लिए पत्थर से भी वार किया था।
पति की मौत के बाद अकेले पाल रही थी परिवार
परिजनों ने बताया कि राधिका के पति का पहले ही निधन हो चुका था। घर का अकेला सहारा वही थी और पूरे परिवार का पेट भरने की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह ठेका मजदूरी में रेजा का काम करती थी और खाली वक्त में घर पर हड़िया बनाकर बेचती थी, ताकि बच्चों और घर का खर्च चल सके। दिन-रात पसीना बहाकर परिवार की गाड़ी खींच रही राधिका की अचानक हत्या से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी सास का रो-रोकर बुरा हाल है और बस्ती के लोग भी इस खौफनाक वारदात से हैरान हैं।
रंजिश या विवाद, पुलिस कर रही पड़ताल
वारदात की खबर पाकर आरआईटी थाने की पुलिस फौरन हरकत में आई। गश्ती वैन को मौके पर रवाना किया गया और पुलिस टीम ने घटनास्थल की नाकाबंदी कर सुराग जुटाए। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राधिका रविवार शाम को किसके साथ हाट गई थी और वहां से लौटते वक्त रास्ते में उसका किसी से कोई झगड़ा तो नहीं हुआ था। पुलिस पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
इसे भी पढ़ें : CCL से जुड़े अपहृत मैनेजर को चंद घंटों में खोज निकाली पुलिस, दबोचे गए 5 बदमाश



