अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : गृह विभाग में लंबे समय से अटकी फाइलों और पेंडिंग मामलों को लेकर प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने सभी संबंधित विंग के अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि फाइलों के निपटारे में अब कोई हीलाहवाली नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी काम में लापरवाही और बेवजह की देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अफसर और कर्मचारी आपस में तालमेल बेहतर करें और पेंडिंग पड़े सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर निपटाएं।
किस विंग में क्या स्थिति, एक-एक फाइल की ली गई जानकारी
बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने गृह विभाग की अलग-अलग शाखाओं के कामकाज का बारीकी से हिसाब लिया। इसमें गृह विशेष शाखा, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय, गृह आरक्षी शाखा, अभियोजन निदेशालय और सैनिक कल्याण निदेशालय की सभी प्रशाखाओं की फाइलें शामिल रहीं। पंकज कुमार ने अधिकारियों से सीधे सवाल किए कि आखिर फाइलें किस स्तर पर और किन वजहों से रुकी हुई हैं। उन्होंने हर शाखा में लंबित मामलों की मौजूदा स्थिति जानी और साफ निर्देश दिए कि जो काम जिस दिन का है, उसे उसी दिन निपटाने की आदत डालें ताकि आम लोगों और महकमे से जुड़े जरूरी काम अटकें नहीं।
लापरवाही पर नपेगी जिम्मेदारी, समय सीमा तय कर काम करने के निर्देश
प्रधान सचिव ने समीक्षा के दौरान जोर देकर कहा कि प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। बेवजह मामलों को लटकाने वाले अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शाखा अपने यहां के पेंडिंग मामलों की सूची बनाए और उन्हें जल्द से जल्द सुलझाने के लिए डेडलाइन तय करे। बैठक में गृह विभाग के अपर सचिव कुंदन कुमार, विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह, संयुक्त सचिव कमल नयन, संयुक्त सचिव अमलेन्दु कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा, संयुक्त सचिव मो. शाहनवाज रिजवानी और संयुक्त सचिव नवीन चंद्र समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : पटना जू के पास खुला पहला तरकारी आउटलेट, CM बोले- दोगुनी होगी किसानों की आमदनी



