अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saraikela : सीएम हेमंत सोरेन ने मंगलवार को परिवार के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के मशहूर चांडिल डैम का भ्रमण किया। सीएम अपने परिजनों के साथ धातकीडीह जाने के रास्ते में यहां कुछ देर के लिए रुके थे। डैम की खूबसूरती और शांत माहौल के बीच वक्त बिताते हुए उन्होंने इसे राज्य के सबसे बड़े और आधुनिक पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की बात कही। उन्होंने मौके पर मौजूद जिले के अफसरों से साफ कहा कि इस पूरे इलाके को पर्यटकों के लिए इस तरह संवारा जाए कि देश-दुनिया से लोग यहां खिंचे चले आएं।

बोटिंग आधुनिक होगी, स्थानीय युवाओं को मिलेगा काम
डैम परिसर का मुआयना करते हुए सीएम ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को निर्देश दिया कि यहां आने वाले सैलानियों की सुरक्षा और सुविधाओं का खास ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कि डैम में नौकायन यानी बोटिंग की व्यवस्था को और बेहतर तथा सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। सीएम का जोर इस बात पर रहा कि पर्यटन का ढांचा ऐसा खड़ा हो जिससे आसपास के गांवों और स्थानीय नौजवानों को अपनी ही माटी पर सीधे तौर पर कमाई के साधन मिल सकें।

पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना बनेगा मास्टर प्लान
सीएम ने अधिकारियों के साथ चांडिल डैम के विकास, पानी के सही प्रबंधन और बिजली उत्पादन से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डैम और उसके आसपास के इलाके के लिए एक ऐसा दीर्घकालिक खाका तैयार किया जाए, जिसमें कुदरत और हरियाली को जरा भी नुकसान न पहुंचे। सीएम ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करते हुए ही विकास का काम तेजी से आगे बढ़ना चाहिए।

इस मौके पर सीएम की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के अलावा कोल्हान के कमिश्नर रविरंजन कुमार विक्रम, एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता और जिले के तमाम बड़े प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : हेमंत कैबिनेट में 62 प्रस्ताव पास, पेंशन से इंफ्रास्ट्रक्चर तक CM ने खोला खजाना



