अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ पर पूरे बिहार में बिजली गुल नहीं होगी। त्योहारों के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर ऊर्जा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विद्युत भवन पटना में साउथ और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के आला अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें फील्ड सुपरवाइजर और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर भी शामिल हुए। पिछले तीन सालों के बिजली खपत के आंकड़ों को देखकर इस बार की संभावित मांग का खाका तैयार कर लिया गया है। मुख्यालय से लेकर प्रमंडल स्तर तक दिन-रात काम करने वाले कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं ताकि कहीं भी फॉल्ट होने पर उसे मिनटों में ठीक किया जा सके।
छठ घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्यभर के घाटों पर बिजली के पोल और तारों की सघन जांच की जा रही है। जहां भी तार ढीले या जर्जर हैं, उन्हें तुरंत बदला जा रहा है। 11 केवी के खुले तारों की जगह कवर्ड कंडक्टर लगाए जा रहे हैं और एलटी तारों को हटाकर सुरक्षित केबल लगाई जा रही है। घाटों के आसपास लगे सभी ट्रांसफॉर्मरों की घेराबंदी पूरी कर ली गई है। अगर कहीं ट्रांसफॉर्मर जलता या खराब होता है, तो उसे तुरंत बदलने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर और उपकरण तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा घाटों पर तकनीकी कर्मियों की टीमें मौजूद रहेंगी, जो शिकायत मिलते ही मौके पर फॉल्ट दुरुस्त करेंगी।
पटना में 997 कर्मी संभालेंगे कमान
राजधानी पटना के 91 छठ घाटों पर बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए 14 अस्थायी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां 152 अधिकारियों और 845 तकनीकी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़भाड़ में काम करने वाले इन कर्मियों को विशेष सुरक्षा किट, रिफ्लेक्टिव जैकेट और बेहतर संपर्क के लिए वॉकी-टॉकी दिए गए हैं। पूरे बिहार में साउथ और नॉर्थ बिहार पावर कंपनियों के तहत आने वाले कुल 10,599 छोटे-बड़े घाटों पर इसी तरह की पुख्ता व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का साफ कहना है कि पूजा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिजली गुल होने पर इन नंबरों पर करें कॉल
त्योहार के दौरान बिजली संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा साउथ बिहार के लोग 7369000839 और 7763814337 पर तथा नॉर्थ बिहार के उपभोक्ता 7763818425 और 7763818426 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यालय स्तर पर बने नियंत्रण कक्ष से पूरे राज्य की ग्रिड और ट्रांसमिशन व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी ताकि त्योहार की रोशनी में कोई रुकावट न आए।
इसे भी पढ़ें : दीपोत्सव की अलौकिक छटा में नहाया मुंगेर, 11 लाख दीयों के बीच CM ने खोला सौगातों का पिटारा


