अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के दखल का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि आयोग का यह कदम पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की दिशा में एक बहुत बड़ी उम्मीद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी और तय समय सीमा में जांच होनी चाहिए ताकि सच सबके सामने आ सके।
फेसबुक लाइव में बयां किया था दर्द, फिर भी नहीं चेती पुलिस
गीता कोड़ा ने कहा कि निशा भगत ने अपनी जान गंवाने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने ऊपर हो रहे जुल्म की दास्तान सुनाई थी। उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलिंग, मानसिक प्रताड़ना और स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस के रवैये को लेकर अपनी बात खुलकर रखी थी। हद तो यह है कि उन्होंने लाइव के दौरान ही पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन करके अपनी परेशानी बताई थी और यहां तक कहा था कि वे अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा कदम उठाने को मजबूर हैं। इसके बावजूद अगर उनकी गुहार को नजरअंदाज किया गया, तो यह बेहद गंभीर मामला है।
आयोग ने मांगी 7 दिनों में रिपोर्ट, डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने के निर्देश
पूर्व सांसद ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के कदम की सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने मामले की नजाकत को समझा है। आयोग ने अफसरों को चिट्ठी भेजकर सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट यानी की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा मांगा है। साथ ही पुलिस की पिछली कार्रवाई, निशा द्वारा पहले दर्ज कराई गई शिकायतों और उनके फेसबुक लाइव, कॉल डिटेल तथा अन्य सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। श्रीमती कोड़ा ने मांग की कि पुलिस या प्रशासन के स्तर पर जिस किसी से भी लापरवाही हुई है, उसकी जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
बेटियों की हिफाजत सिर्फ दावों तक सीमित न रहे
भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में महिलाओं और खासकर आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा केवल सरकारी कागजों और खोखले दावों तक सिमट कर नहीं रहनी चाहिए। किसी भी बेटी की मदद की पुकार को अनसुना करना व्यवस्था की नाकामी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पूरी मदद और न्याय मिलना ही चाहिए। आयोग के इस फैसले का समीर उरांव, सुनील सोरेन, आशा लकड़ा, सुदर्शन भगत, शिव शंकर उरांव, रामकुमार पाहन, सन्नी टोप्पो, अशोक बड़ाईक, कोचे मुंडा, अनीता मुर्मू और रोशनी खलखो समेत कई भाजपा नेताओं ने भी स्वागत किया है।
इसे भी पढ़ें : निशा भगत की मौ’त पर बाबूलाल बोले- झारखंड में माफिया चला रहे सरकार, हो CBI जांच


