अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Siwan : जिस आंगन में कुछ ही दिनों बाद मंगलगीत गूंजने थे, जहां शादी के मंडप की तैयारियां चल रही थीं और बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा का भरोसा देख रही थी, वहां अब सिर्फ सिसकियां और चीत्कार बाकी है। गोपालगंज के सनाह मठिया गांव में 22 साल के सनीष कुमार के घर में 19 नवंबर को तिलक और 21 नवंबर को बारात आनी तय थी। पिता के जाने के बाद सनीष ही पूरे परिवार का सहारा था और बहन की विदाई को यादगार बनाने के लिए जी-जान से जुटा था। दीपावली की रात जब दीयों की जगमगाहट के बीच खुशियां बांटी जा रही थीं, तभी सीवान की सड़क पर हुए एक हादसे ने इस हंसते-खेलते परिवार की सारी उम्मीदें पल भर में छीन लीं। जिस भाई के कंधों पर बहन की डोली उठनी थी, उसी घर से जब उसकी अर्थी उठी तो पूरे गांव का कलेजा फट पड़ा।
रोशनी के त्योहार में पसरा मातम
यह दर्दनाक मंजर रविवार देर शाम सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित झुलापुर गांव के पास देखने को मिला। रसूलपुर गांव के रहने वाले मुकेश महतो और गोलू महतो अपने एक दोस्त अभिषेक के साथ किसी काम से शहर आए थे। काम निपटाकर तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सामने से गोपालगंज निवासी सनीष कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक पर आते दिखे। दोनों बाइकों की रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि आवाज सुनकर आसपास के खेत और घरों में मौजूद लोग कांप उठे। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे। राहगीर जब तक दौड़कर पहुंचे, तब तक मुकेश और सनीष की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं। सड़क पर खून और बिखरे सामान के बीच त्योहार की खुशी चीख-पुकार में बदल गई।
समय पर एंबुलेंस मिलती तो बच सकती थी जान
हादसे में गंभीर रूप से घायल गोलू महतो को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन वहां की बदहाली ने परिजनों के दर्द को गुस्से में बदल दिया। डॉक्टरों ने गोलू की गिरती हालत को देखकर उसे तुरंत बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने 102 नंबर पर कई बार एंबुलेंस के लिए फोन किया, मगर काल नहीं लगा। काफी जद्दोजहद के बाद जब एक एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गोलू को उसमें चढ़ाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गोलू ने अस्पताल परिसर के भीतर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। रोते-बिलखते परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर समय पर गाड़ी और इलाज न देने की गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे दो घायल
इस भीषण हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों की हालत भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। एक तरफ सनीष के घर में बहन के शादी के जोड़े और खरीदारी का सामान पड़ा है, तो दूसरी तरफ रसूलपुर गांव के दो नौजवान बेटों के चले जाने से पूरा इलाका गहरे सदमे में है। जिस रात सीवान का हर कोना रोशन था, उसी रात तीन मांओं की गोद सूनी हो गई और तीन घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए।
इसे भी पढ़ें : 110 KM की रफ्तार में स्कॉर्पियो ने 10 को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा; दो सगे भाइयों की मौ’त


