अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : लोक आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले बिहार सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को बड़ी आर्थिक राहत दी है। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने एक बटन दबाकर राज्य भर के 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की रकम सीधे ट्रांसफर कर दी। इस बार सरकार ने प्रति लाभार्थी 1,100 रुपए के हिसाब से कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपए की भारी-भरकम राशि भेजी है, ताकि त्योहार के मौके पर किसी भी जरूरतमंद परिवार को पैसों की किल्लत न झेलनी पड़े।
हर महीने की 10 तारीख को मनाया जाता है बिहार पेंशन दिवस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने बताया कि राज्य सरकार हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल पैसे बांटने का जरिया नहीं है, बल्कि यह कमजोर तबकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सामाजिक न्याय को जमीन पर उतारने का प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही पेंशन की राशि को 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए महीना किया गया था, जिससे जरूरतमंद लोग सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें। उन्होंने सभी लाभार्थियों को पेंशन मिलने पर बधाई दी और पूरे प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

एक महीने में जुड़े 1.36 लाख नए नाम, वंचितों के लिए चलेगा विशेष अभियान
सीएम सम्राट चौधरी ने मंच से अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि राज्य में कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर बचे हुए जरूरतमंद लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें फौरन पेंशन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी साझा किया कि बीते एक महीने के अंदर ही 1 लाख 36 हजार 854 नए पेंशनधारियों को इस व्यवस्था से जोड़ा जा चुका है। सरकार की पूरी कोशिश है कि हर महीने तय समय पर लोगों के बैंक खातों में पैसा पहुंच जाए, ताकि किसी को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
सचिवालय से लेकर जिलों तक सीधे जुड़े रहे अधिकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने पेंशन योजना की पूरी रूपरेखा रखी और पेंशन दिवस पर बनी एक छोटी फिल्म भी दिखाई गई। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा और मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह व संजय कुमार सिंह समेत कई बड़े अफसर मौजूद थे। इसके साथ ही सभी जिलों के डीएम और हजारों पेंशनधारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस पूरे आयोजन से सीधे जुड़े रहे।
इसे भी पढ़ें : फुल एक्शन में सीएम सम्राट, झटके में 15 अफसरों को किया सस्पेंड… जानें क्यों


