अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम में मां काली पूजा के अवसर पर आयोजित पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भाजपा पर सीधा और बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। कार्यक्रम में नगरवासियों और बजरंग क्लब बानर सेना के सदस्यों ने मंत्री का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। डॉ. अंसारी ने मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और इसके बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नफरत और उसकी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने के लिए ‘वानर सेना’ मैदान में उतरेगी। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि भाजपा का मुकाबला वानर सेना ही करेगी और वे केवल इरफान अंसारी नहीं, बल्कि इरफान हाड़ी हैं।
वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश पर भड़के मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग दोनों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस जटिल प्रक्रिया की वजह से गरीब, मजदूर और किसान फॉर्म भरने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि भाजपा के नेता आराम से बैठे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि वह नागरिकों का नाम मतदाता सूची से काट दे या उनका वोट देने का हक छीने। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भाजपा की कथित वोट चोरी की साजिश को पूरे देश के सामने मजबूती से रखा है। डॉ. अंसारी ने जनता से अपील की कि वे अपने एसआईआर फॉर्म की प्रक्रिया पर नजर रखें और यदि किसी का नाम काटा जाता है तो इसकी जानकारी तुरंत दें, वे हर स्तर पर इस लड़ाई को लड़ेंगे।
वानर सेना करेगी नफरत की राजनीति का मुकाबला
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनका मुख्य संकल्प दबे-कुचले, शोषित, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को उनका वाजिब हक और सम्मान दिलाना है। उन्होंने भाजपा पर पिछले 14 वर्षों में इन वर्गों को केवल राजनीतिक मोहरे की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी काले कानून, कभी एनआरसी तो कभी वक्फ जैसे मुद्दों में उलझाकर जनता का ध्यान भटकाया जाता रहा है। मंत्री ने साफ किया कि वानर सेना का मकसद भगवान हनुमान की सेवा भावना, साहस और एकजुटता से प्रेरणा लेकर समाज की रक्षा करना, गरीबों की मदद करना और लोकतांत्रिक अधिकारों की हिफाजत करना है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और समाज को बांटने वाली ताकतों को जवाब देने का आह्वान किया।
जामताड़ा को मेडिकल कॉलेज की सौगात, युवाओं को मिलेगा रोजगार
क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से एक नए युग की शुरुआत हो रही है। इस संस्थान के जरिए 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि स्थानीय युवाओं को पढ़ाई और नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में न भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि उनके पिता फुरकान अंसारी ने सात बार विधायक रहकर इस क्षेत्र की सेवा की है और वे उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। इस कार्यक्रम में हाड़ी समाज के प्रतिनिधियों, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और पूजा कमिटी के सदस्यों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : रांची में 9 साल की मासूम से दरिंदगी, मुंहबोले चाचा पर इल्जाम


