अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Rohtas : रोहतास जिले के डेहरी इलाके में अपनी बुआ के घर जाने के लिए निकली एक नाबालिग छात्रा बीच रास्ते में रास्ता भटक गई थी। सड़क पर उसे अकेली और परेशान देखकर कुछ स्थानीय महिलाओं ने इंसानियत के नाते मदद की पहल की। महिलाओं ने एक ऑटो चालक को रोका और छात्रा को सुरक्षित उसकी बुआ के घर छोड़ देने की जिम्मेदारी सौंपी। महिलाओं को लगा कि ऑटो वाला बच्ची को सही सलामत पहुंचा देगा, लेकिन चालक के मन में खोट था। उसने भरोसे की धज्जियां उड़ाते हुए अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला।
बुआ के घर पहुंचाने के बहाने बारुण ले गए, रात भर की हैवानियत
आरोपी ऑटो चालक छात्रा को उसकी बुआ के घर ले जाने के बजाय सीधे बारुण इलाके की तरफ ले गया। वहां उसने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। सुनसान जगह पर तीनों दरिंदों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता रात भर रहम की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। रात भर छात्रा को बंधक बनाकर रखने के बाद मंगलवार सुबह आरोपी चालक उसे डेहरी में वापस छोड़कर चुपचाप भागने की फिराक में था।
परिजनों और ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा, पुलिस ने तीनों को जेल भेजा
मंगलवार सुबह जब आरोपी चालक छात्रा को छोड़कर भाग रहा था, तभी वहां पहले से खोजबीन कर रहे परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। छात्रा की हालत और उसकी आपबीती सुनते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सतर्क लोगों ने बिना देरी किए घेराबंदी करके आरोपी ऑटो चालक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद फौरन स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और इलाके में छापेमारी शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी ऑटो चालक समेत इस वारदात में शामिल तीनों दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि मामले में पुख्ता सबूत जुटाकर स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके।
इसे भी पढ़ें : 4 महीने पहले प्राइवेट पार्ट में डाली दी थी कारतूस, अब गैंगरे’प पीड़िता को छत से नीचे फेंका


