अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : छठ यानी नियम, निष्ठा और समर्पण का वो महापर्व जिसमें पूरा शहर एक रंग में रंग जाता है। जब सिर पर दउरा उठाए श्रद्धालु नंगे पांव घाटों की ओर बढ़ेंगे, तो उनकी राह में कोई कंकड़ न चुभे और पानी में कदम रखते ही उनका मन पूरी तरह आश्वस्त रहे, इसी भरोसे को पक्का करने के लिए रांची जिला प्रशासन खुद जमीन पर उतरा। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने मातहत अधिकारियों के साथ शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक दर्जनभर से ज्यादा छठ घाटों का सघन दौरा किया। हातमा की संकरी गलियों से लेकर कांके डैम की लहरों तक और बड़ा तालाब, जेल तालाब, मधुकम से लेकर चुटिया के बनस तालाब तक प्रशासनिक काफिला यह परखने पहुंचा कि आस्था के इस उत्सव में श्रद्धालुओं को कोई तकलीफ न उठानी पड़े। कई घाटों पर जब स्थानीय पूजा समितियों ने डीसी को पारंपरिक चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया, तो माहौल में सरकारी सख्ती की जगह अपनत्व और सहयोग का भाव साफ दिखाई दिया।

तीन फीट पानी में खिंचेगी लक्ष्मण रेखा, गहरे हिस्से में जाने पर रोक
घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और अचानक बदलते जलस्तर को देखते हुए डीसी का सबसे बड़ा जोर सुरक्षा पर रहा। उन्होंने अधिकारियों और पूजा समितियों को दो टूक कहा कि पानी के भीतर तीन फीट की गहराई पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए। यह घेराबंदी एक ऐसी लक्ष्मण रेखा होगी जिससे आगे कोई भी श्रद्धालु न जा सके। अक्सर तालाबों के बीच में अचानक गहरा गड्ढा होता है, इसलिए ऐसे खतरनाक हिस्सों की पहचान कर वहां बड़े और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है। संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती रहेगी। साथ ही स्थानीय गोताखोरों की पूरी सूची और उनके मोबाइल नंबर घाट समितियों को दिए जा रहे हैं ताकि जरूरत पड़ने पर एक पल की भी देरी न हो और हर स्थिति में राहत कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

नंगे पांव चलने वाले व्रतियों के लिए समतल होंगे रास्ते, रोशनी का रहेगा पूरा बंदोबस्त
छठ में व्रती अक्सर नंगे पैर घाट तक का सफर तय करते हैं, इसलिए पहुंच मार्गों की हालत सुधारना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। डीसी ने निर्देश दिया कि सभी एप्रोच रोड पर बारीक डस्ट डालकर गड्ढों को भर दिया जाए और रास्तों को बिल्कुल समतल बनाया जाए, जिससे किसी के पैर में चोट न आए। इसके अलावा घाटों पर जमी काई और फिसलन वाले पत्थरों पर विशेष ध्यान देकर वहां सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं। शाम और सुबह के अर्घ्य के समय घाट दूधिया रोशनी से जगमगाएं, इसके लिए बिजली विभाग को सुरक्षित वायरिंग के साथ पर्याप्त लाइटें लगाने को कहा गया है। यह व्यवस्था सिर्फ रांची नगर निगम के शहरी तालाबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर से सटे बाहरी इलाकों के घाटों पर भी इसी मुस्तैदी से काम पूरा करने की जिम्मेदारी तय की गई है।
अफसरों की पूरी टीम रही साथ, भीड़ और ट्रैफिक संभालने का भी बना खाका
इस पूरे निरीक्षण के दौरान प्रशासन का तालमेल देखते ही बन रहा था। डीसी के साथ ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, डीटीओ अखिलेश सिंह समेत नगर निगम, पथ निर्माण और बिजली विभाग के अधिकारी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। घाटों के आसपास गाड़ियों की पार्किंग और सुचारू आवागमन के लिए अभी से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। स्थानीय शांति समिति के सदस्यों और वार्ड पार्षदों से भी संवाद बनाया गया है ताकि समाज और प्रशासन मिलकर इस महापर्व को पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ और यादगार बना सकें।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में 39 IFS अधिकारी इधर से उधर, राहुल मीणा बने रांची के नये DFO


