अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित मोकामा थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में गुरुवार को हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। बरहपुर हॉल्ट के पास एक कुएं से बरामद हुए 14 वर्षीय रजनीश कुमार और 13 वर्षीय सोनू कुमार के शवों के मामले में पुलिस ने मृतकों के ही तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कारू बिंद, गोलू कुमार और शिवा के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि मृतक और आरोपी आपस में गहरे दोस्त थे और मिलकर छोटी-मोटी चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे।
चोरी के तांबे की रकम के बंटवारे पर दोस्तों के बीच हुआ लफड़ा
बाढ़ एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कारू बिंद स्थानीय स्तर पर चोरी करने वाले इस गिरोह का सरगना था। हाल ही में इन सभी ने मिलकर तांबे की चोरी की थी, जिसे बेचने पर 800 रुपये मिले थे। इसी मामूली रकम के बंटवारे को लेकर सोनू कुमार और बाकी साथियों के बीच अनबन चल रही थी। गुरुवार दोपहर इसी रंजिश के तहत सोनू को योजनाबद्ध तरीके से गांव के बाहर कुएं के पास बुलाया गया। वहां हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
वारदात का राज खुलने के डर से चश्मदीद दोस्त को भी मार डाला
पुलिस पूछताछ में आरोपी गोलू कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि विवाद बढ़ने पर गोलू और शिवा ने डंडे और पत्थर से सोनू पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इस पूरी वारदात के वक्त सोनू का दोस्त रजनीश कुमार भी वहीं मौजूद था। आरोपियों को डर था कि अगर रजनीश जिंदा बचा तो वह गांव में जाकर सब कुछ बता देगा। इसी खौफ में उन्होंने बेसुध पड़े सोनू और चश्मदीद रजनीश के हाथों को उनकी ही शर्ट से बांध दिया और दोनों को गहरे कुएं में धकेल दिया। मौके पर पास ही बकरी चरा रही एक महिला ने बताया कि दोनों किशोर पहले कुएं के पास बैठकर सूखा नशा कर रहे थे, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और विवाद के बाद ईंट व चाकू से हमला कर दोनों को कुएं में फेंक दिया।
लापता दो अन्य किशोर बरामद, मजदूरी कर घर चलाते हैं मृतकों के परिजन
वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपियों ने ही शोर मचाकर ग्रामीणों को कुएं में शव होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके से नशे के इस्तेमाल में आने वाला लोहे का सामान भी बरामद किया है और देर रात तक कुएं का पानी खाली करवाकर तलाशी अभियान चलाया। इसी बीच गांव से लापता हुए दो अन्य किशोरों संगम कुमार (10) और गन्नू कुमार (18) को भी पुलिस ने देर रात सकुशल बरामद कर लिया है, जिनका इस हत्याकांड से कोई संबंध नहीं निकला। मृतक रजनीश और सोनू बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे, जिनके माता-पिता खेती और मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं।
इसे भी पढ़ें : सात समंदर पार भी पहुंचेगा छठ का ठेकुआ, डाक विभाग ने खोले विशेष काउंटर


