अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बरही रेलवे स्टेशन रोड स्थित एके पैलेस होटल के बाहर अपराधियों ने हवा में चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से आसपास के लोगों और दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
हजारीबाग के बाद अब बरही में एके नाम के होटल को बनाया निशाना
घटनास्थल से मिले पर्चे में एक खास अपराधी का नाम लिखा है और इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे और पर्चा बरामद कर लिया है। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि अपराधियों को एके इंटरनेशनल नाम से रंजिश है। कुछ दिन पहले भी हजारीबाग जिला मुख्यालय में इसी नाम के एक होटल पर गोलीबारी हुई थी और अब बरही में भी वैसी ही वारदात को दोहराया गया है।
हजारीबाग के बरही में देर शाम एके पैलेस होटल के बाहर 5 राउंड फायरिंग। वारदात के बाद अपराधी राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा फेंककर फरार। नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।
#Barhi #Hazaribagh #JharkhandNews #RahulDubeyGang #CrimeNews #BreakingNews #TodayNews #LatestNews https://t.co/ozzlkDdf7Q
— News Samvad (@newssamvaad) November 13, 2026
जीटी रोड निर्माण कंपनी के अधिकारी पर हमले की आशंका
इस गोलीबारी के पीछे जीटी रोड निर्माण कार्य से जुड़ी एक बड़ी सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारी या संवेदक को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीम इस बात का पता लगा रही है कि अपराधियों का मकसद रंगदारी वसूलना था, या फिर इसके पीछे कोई पुरानी आपसी रंजिश काम कर रही है।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध अपराधी, पूरे इलाके में नाकेबंदी
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जिले के वरीय अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें कांग्रेस विधायक पर 14 साल की किशोरी से दु’ष्कर्म का आरोप, दो महिलाएं भी घेरे में


