अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि अर्घ्य के समय किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सभी जिलों में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मिलकर काम कर रही हैं, जिससे व्रतियों और उनके परिवारों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
संवेदनशील घाटों पर विशेषज्ञ टीमों की निगरानी
प्रशासन ने पूरे राज्य में उन घाटों की पहचान की है जहां पानी गहरा है या भीड़ अधिक रहती है। ऐसे कुल 377 संवेदनशील छठ घाटों पर विशेष सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। इनमें से 254 घाटों पर राज्य आपदा मोचन बल यानी SDRF के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि 123 घाटों की कमान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी NDRF की टीमों को सौंपी गई है। ये जवान आधुनिक उपकरणों और बोट के साथ घाटों पर लगातार गश्त करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
12806 घाटों पर स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र रहेंगे मौजूद
बड़े और संवेदनशील घाटों के अलावा ग्रामीण और शहरी इलाकों के छोटे घाटों पर भी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। प्रशासन ने राज्य के कुल 12806 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और प्रशिक्षित आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति की है। स्थानीय स्तर पर पानी की गहराई और बहाव की समझ रखने वाले ये गोताखोर घाटों पर मुस्तैद रहेंगे और बैरिकेडिंग के पास लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकेंगे। इस व्यवस्था का मुख्य मकसद भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बिना समय गंवाए राहत पहुंचाना है।
आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए राज्य स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत आने वाले राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) से सभी जिलों के अधिकारियों का सीधा संपर्क रहेगा। यदि किसी घाट पर कोई आपात स्थिति बनती है या किसी को तत्काल मदद की जरूरत होती है, तो लोग सीधे हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा आपातकालीन सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1070 भी चौबीसों घंटे काम करेगा।
इसे भी पढ़ें : जाम से मुक्त होगा पटना सिटी, सीएम सम्राट बोले- तय समय में पूरा करें संपर्क पथ का काम






