अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों की कमर तोड़ने के लिए रामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मुकेश लुनायत की अनुशंसा पर डीसी कोर्ट ने दो कुख्यात अपराधकर्मियों के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA), 2002 की धारा 3(3)(b)(i), (ii) और (iii) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। प्रशासन के इस सख्त कदम से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इन दो अपराधियों के खिलाफ जारी हुआ सख्त आदेश
जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए इस आदेश के दायरे में पतरातू क्षेत्र के दो सक्रिय अपराधी आए हैं। इनमें पहला नाम पतरातू थाना क्षेत्र के रोचाप गांव निवासी दिलावर खान उर्फ दिलावर अंसारी (पिता स्वर्गीय गुलाम नवी) का है। वहीं दूसरा अपराधी पतरातू (भुरकुंडा) थाना क्षेत्र के रिवर साइड निवासी रिंकू सिंह उर्फ राजेंद्र कुमार (पिता बसावन सिंह) है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन दोनों अपराधियों की गतिविधियों से क्षेत्र में अशांति फैलने की आशंका बनी रहती थी, जिसे देखते हुए इन पर नकेल कसना जरूरी हो गया था।
लाइसेंसी हथियार जमा करने के निर्देश, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
न्यायालय के आदेशानुसार, दिलावर खान और रिंकू सिंह को अब आगामी तीन महीने तक हर सप्ताह एक दिन अपने संबंधित थाने में खुद उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि यदि इन दोनों के पास कोई भी लाइसेंसी हथियार है, तो उन्हें उसे तत्काल संबंधित थाने में जमा करना होगा। सीसीए लागू रहने की पूरी अवधि के दौरान वे किसी भी हालत में अपने पास कोई हथियार नहीं रख सकेंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि इन शर्तों का जरा भी उल्लंघन किया गया या आदेश को नहीं माना गया, तो झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 और अन्य संबंधित कानूनों के तहत इन पर सीधे कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की लगातार निगरानी
रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। संगठित गिरोहों के सदस्यों की हर हरकत पर पुलिस की पैनी नजर है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि समाज में डर का माहौल बनाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत और कल्पना ने दी खरना पर बधाई, बोले- छठ व्रतियों का कठिन तप अटूट श्रद्धा का प्रतीक





