अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। शनिवार रात खरना का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो चुका है। रविवार सुबह से ही पटना समेत पूरे बिहार की गलियों और सड़कों पर बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीत गूंज रहे हैं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। आज शाम व्रती नदी और तालाब के घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। दोपहर बाद से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगेगी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय लोग सुबह से ही पटना की सड़कों की धुलाई और सफाई में जुटे हुए हैं, ताकि व्रतियों को घाट तक जाने में कोई परेशानी न हो।
छठ पूजा अर्घ्य का शुभ मुहूर्त और ज्योतिषीय महत्व
पंचांग के अनुसार आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को शाम 05:24 बजे तक अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि कल सुबह उगते सूर्य को 06:40 बजे के बाद अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा। ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस बार छठ महापर्व पर ग्रह-गोचरों का बेहद मंगलकारी संयोग बन रहा है। आज रविवार के दिन षष्ठी तिथि होने के कारण यह अतिशुभकारी हो गया है। शाम के अर्घ्य के समय सर्वार्थ सिद्धि और रवियोग का संयोग रहेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कलयुग के प्रत्यक्ष देवता भगवान भास्कर को जल से अर्घ्य देने पर मानसिक शांति और जीवन में तरक्की मिलती है। लाल चंदन और फूल के साथ अर्घ्य देने से यश की प्राप्ति होती है, वहीं जल में गुड़ मिलाकर सूर्यदेव को अर्पित करने से पुत्र और सौभाग्य का वरदान मिलता है।
पटना के छठ घाटों पर सुरक्षा, पार्किंग और सुविधाओं के खास इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। दानापुर से दीदारगंज तक गंगा किनारे 90 घाट और पांच अस्थायी तालाब तैयार किए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों और सार्वजनिक जगहों पर भी अर्घ्य देने की व्यवस्था की है, ताकि लोग अपने घर के पास ही पूजा कर सकें। प्रशासन को दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद है, इसलिए दीघा घाट पर नदी से 500 मीटर पहले सात हजार और कलेक्ट्रेट घाट पर 2500 गाड़ियों की पार्किंग बनाई गई है। दीघा में 87 चेंजिंग रूम, 79 शौचालय और 71 यूरिनल बनाए गए हैं, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 40 चेंजिंग रूम, 60 शौचालय और 60 यूरिनल की सुविधा रहेगी। दोनों जगहों पर पेयजल, यात्री शेड, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस भी तैनात हैं।
सीसीटीवी से निगरानी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
पटना के सभी अंचलों के घाट पूरी तरह सजधज कर तैयार हो चुके हैं, जिनमें पाटलिपुत्र अंचल में पांच, नूतन राजधानी में नौ, बांकीपुर में 14, अजीमाबाद में नौ और पटना सिटी अंचल में 12 घाट शामिल हैं। घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए एक किलोमीटर के दायरे में गंदगी फैलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और हर जगह पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ गश्ती दल, पैदल लाठी पार्टी और गश्ती गाड़ियां लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं, वहीं स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : बिहार : 377 खतरनाक छठ घाटों पर SDRF-NDRF तैनात, 12806 घाटों पर गोताखोर संभालेंगे मोर्चा






