अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lohardaga/Ranchi (Pawan/Gautam) : लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र की कुंबा टोली बस्ती में रविवार की आधी रात नाजायज इश्क की एक ऐसी खौफनाक दास्तां लिखी गई, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए। जिस घर में कभी हंसी-खुशी का माहौल रहता था, वहां चंद पलों में खून की नदियां बह गईं। बीवी की बेवफाई और नाजायज संबंध के शक की आग में जल रहे पति ने अपनी ही बीवी और उसके आशिक को धारदार टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात इतनी वीभत्स थी कि मौके का मंजर देखकर ग्रामीणों और पुलिस वालों की भी रूह कांप उठी।
फेसबुक पर चढ़ा परवान, लंबा फासला तय कर गांव पहुंचा आशिक
इस खूनी खेल की नींव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पड़ी थी। कुंबा टोली निवासी सोनू लहेरी की 28 वर्षीय बीवी पूजा देवी दो बच्चों की मां थी। घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियों के बीच पूजा की नजरें फेसबुक पर बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी बृजभूषण लहेरी के बेटे रोहित लहेरी से मिलीं। मोबाइल पर शुरू हुई चैटिंग कब नाजायज इश्क में बदल गई, पता ही नहीं चला। दोनों के बीच नजदीकियां इस कदर बढ़ीं कि वे छुप-छुपकर मिलने लगे। कुछ दिन पहले ही दोनों रांची में मिले थे, लेकिन बीवी की इस बेवफाई की भनक पति सोनू लहेरी को लग चुकी थी और वह अंदर ही अंदर बदला लेने की आग में सुलग रहा था।
आधी रात को बेडरूम में पार हुईं सारी हदें, रंगेहाथ पकड़े गए दोनों
रविवार को प्रेमी रोहित अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए पटना से चलकर सीधे लोहरदगा की कुंबा टोली बस्ती पहुंच गया। रात के अंधेरे में जब पूरी बस्ती गहरी नींद में सोई हुई थी, तब पूजा और रोहित घर के कमरे में एक साथ थे। इसी बीच देर रात जब सोनू लहेरी ने कमरे के अंदर झांका, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने अपनी आंखों के सामने अपनी बीवी और उसके आशिक को आपत्तिजनक और नग्नावस्था में देख लिया। बीवी की इस बेवफाई को रंगेहाथ पकड़ते ही सोनू के सब्र का बांध टूट गया और उसके सिर पर खून सवार हो गया।
टांगी के ताबड़तोड़ वार, धड़ से अलग कर दी बीवी की गर्दन
गुस्से में पागल हुए सोनू लहेरी ने आव देखा न ताव, घर में रखी धारदार टांगी उठाई और दोनों पर काल बनकर टूट पड़ा। बंद कमरे में टांगी के ताबड़तोड़ प्रहार से पूजा और रोहित को संभलने या भागने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सोनू की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, उसने गुस्से में अपनी बीवी पूजा का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया और उसे उसके आशिक की लाश के पैरों के पास रख दिया। चीख-चीत्कार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, तो कमरे के अंदर का खूनी मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया।
कातिल पति गिरफ्तार, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया
लैंप्स कार्यालय के समीप स्थित कुंबा टोली में हुए इस डबल मर्डर की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर खून से सनी वह टांगी भी बरामद कर ली, जिससे इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने इस दोहरे हत्याकांड को लेकर मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में अवैध संबंध के संदेह में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत पसरी हुई है, वहीं नाजायज रिश्तों के इस खूनी अंजाम ने दो मासूम बच्चों को हमेशा के लिए अनाथ जैसा बना दिया है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत और कल्पना ने दी खरना पर बधाई, बोले- छठ व्रतियों का कठिन तप अटूट श्रद्धा का प्रतीक






