अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : रविवार की ढलती शाम और पटना में गंगा के किनारे उमड़ा आस्था का जनसैलाब। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन जब लाखों श्रद्धालु कमर भर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दे रहे थे, तब नदी की लहरों पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी खुद स्टीमर पर सवार होकर छठ घाटों का हाल जानने निकले। दानापुर के नासरीगंज घाट से शुरू हुआ यह सफर पटना सिटी के गायघाट तक चला। इस दौरान सीएम ने न सिर्फ व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि भगवान भास्कर को नमन कर पूरे बिहार की सुख, शांति और खुशहाली की कामना भी की।

घाटों से उठे अभिवादन के हाथ, डेक से सीएम ने जोड़ लिए दोनों हाथ
गंगा के किनारे तिल रखने तक की जगह नहीं थी। गीतों की गूंज और धूप-दीप की खुशबू के बीच जैसे ही सीएम का स्टीमर एक-एक घाट के सामने से गुजरना शुरू हुआ, लोगों की नजरें नदी की ओर टिक गईं। घाटों पर मौजूद लाखों व्रतियों और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हाथ उठाकर अपने सीएम का स्वागत किया। लोगों के इस अपनापन भरे अंदाज को देखकर सीएम सम्राट चौधरी भी अभिभूत नजर आए। उन्होंने स्टीमर के डेक पर खड़े होकर दोनों हाथ जोड़ लिए और मुस्कुराते हुए हर घाट के लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। यह दृश्य आम और खास के बीच के फासले को मिटाता हुआ दिखा, जहां पूरा माहौल छठ मइया की भक्ति में रमा हुआ था।

सिर्फ औपचारिकता नहीं, व्रतियों की सुविधा के लिए दिखी संजीदगी
सीएम का यह दौरा महज एक औपचारिकता नहीं था, बल्कि इसके पीछे छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा की चिंता साफ झलक रही थी। सीएम सम्राट चौधरी लगातार घाटों की तैयारियों पर नजर बनाए हुए थे। उन्हीं के सख्त निर्देशों का असर था कि इस बार प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद दिखा। घाटों पर रोशनी से लेकर साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि दूर-दराज से आने वाले व्रतियों और उनके परिवारों को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

स्टीमर पर मौजूद रहा सरकार और प्रशासन का पूरा कुनबा
गंगा की लहरों पर हुए इस खास निरीक्षण के दौरान सीएम के साथ सरकार के कई दिग्गज नेता और प्रदेश के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। राजनीतिक चेहरों में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद डॉ. भीम सिंह और विधायक श्याम रजक ने सीएम के साथ घाटों की छटा देखी। वहीं, व्यवस्थाओं की बारीकियों पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी टीम भी स्टीमर पर सवार थी। इनमें गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव पंकज कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल, पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, नगर विकास सचिव अनिमेष पराशर, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार और पटना प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : सात समंदर पार तक छठी मइया की गूंज, सीएम सम्राट बोले- ‘लोकल से ग्लोबल’ बना महापर्व






