अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता और जिम्मेदारी से समझौता नहीं करना चाहिए। आज के दौर में खबरें सनसनीखेज बनाने के बजाय तथ्यपरक और जनहित से जुड़ी होनी चाहिए। यह बातें ग्रामीण विकास एवं सूचना व जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहीं। वे सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में आयोजित एक खास परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी रखा गया था।
मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों और अधिकारियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता ही किसी भी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। समाज में मीडिया की भूमिका सिर्फ सूचना देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्या को सामने लाना भी इसका बड़ा दायित्व है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिना पुष्टि की गई और सनसनीखेज खबरों को फैलाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे समाज में अनावश्यक भ्रम और तनाव पैदा होता है। खबर और आरोप के बीच की रेखा हमेशा स्पष्ट रहनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति की निजता व गरिमा का पूरा सम्मान होना चाहिए।

सोशल मीडिया के दौर में आम नागरिकों की भी बढ़ी जिम्मेदारी
बिहार में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के इस तेज दौर में अब सिर्फ पत्रकार ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसी भी जानकारी या खबर को आगे साझा करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच करना बेहद जरूरी है। लोकप्रियता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए भ्रामक और गलत तथ्यों का सहारा लेना उचित नहीं है। सही और पुख्ता जानकारी के साथ ही खबरों को जनता के बीच ले जाना चाहिए।
बिहार के विकास और पत्रकारों के कल्याण पर सरकार का फोकस
अपने संबोधन में मंत्री ने बिहार की विकास यात्रा का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। छात्राओं के लिए साइकिल और पोशाक योजना से लेकर 2018 में हर घर बिजली पहुंचाने तक बिहार ने कई कीर्तिमान बनाए हैं। महिलाओं को पंचायत और नगर निकायों में 50 फीसदी आरक्षण मिला और आज जीविका के जरिए 13 लाख स्वयं सहायता समूहों से 1.85 करोड़ परिवार जुड़े हैं। सरकार की ओर से 1.85 लाख महिलाओं को दस-दस हजार रुपये और एक लाख महिलाओं को बीस-बीस हजार रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा राज्य के 97 से 98 प्रतिशत घरों में नल का जल पहुंचाया गया है और जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं।

मंत्री ने आगे कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं और 30 दिनों के भीतर जनता का काम न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। राज्य में 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह सरकार की स्वस्थ आलोचना जरूर करे, लेकिन इन वास्तविक विकास कार्यों को भी प्रमुखता से दिखाए। पत्रकारों के हितों की बात करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 129 पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है और बड़ी संख्या में पत्रकारों को बीमा योजना से भी जोड़ा गया है।
AI और बदलते मीडिया स्वरूप पर वरिष्ठ पत्रकारों ने रखी राय
परिचर्चा में शामिल वरिष्ठ पत्रकारों और अधिकारियों ने भी बदलते दौर की पत्रकारिता पर अपने विचार रखे। विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि पहले अखबार ज्यादा पढ़े जाते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया का चलन बढ़ा है। बिहार की छवि अब एक विकसित होते राज्य की बनी है, जिसे खबरों में प्रमुखता मिलनी चाहिए। टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के दौर में फर्जी खबरों की चुनौती बढ़ गई है। ऐसे में आत्मनियंत्रण, निष्पक्षता और प्रमाणिक आंकड़ों के साथ खबर देना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता के साथ उसकी सत्यता भी जरूरी है, इसलिए पत्रकारों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करना चाहिए। कशिश चैनल के संजय कुमार ने पत्रकारिता को समाज के प्रति एक दायित्व बताया, जबकि कला रॉय ने कहा कि तकनीक के साथ पत्रकारिता का स्वरूप बदला है, लेकिन केवल सनसनी फैलाना पत्रकारिता नहीं हो सकती। कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक और पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और नागेंद्र गुप्ता मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया और अंत में सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, बोले- छठी मैया की कृपा से हर घर में आये खुशहाली






