अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Supaul : सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में तीन साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार शाम को घर के दरवाजे से अचानक गायब हुए बच्चे का शव सोमवार सुबह उसके ही घर के पीछे बांस की बाड़ी के पास मिला है। मृतक बच्चे की पहचान हृदयनगर पंचायत के सीतापुर वार्ड नंबर 13 निवासी किसान रुपेश भिंडवार के इकलौते बेटे सिद्धार्थ के रूप में की गई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग डरे हुए हैं।
रविवार शाम से लापता था मासूम, रात भर तलाशते रहे परिजन
परिजनों ने बताया कि तीन साल का सिद्धार्थ रविवार शाम करीब चार बजे घर के पास ही खेल रहा था, तभी वह अचानक कहीं गायब हो गया। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। घर के लोगों ने गांव के हर कोने, आसपास के खेतों और रिश्तेदारों के घरों में भी बच्चे को ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिजनों ने देर रात वीरपुर थाने में बच्चे के लापता होने की सूचना दी। पूरा परिवार और गांव के लोग पूरी रात बच्चे की सलामती की दुआ करते हुए उसे तलाशते रहे।
घर के पीछे मिली लाश, पास पड़ी थी लाल रस्सी
सोमवार सुबह करीब आठ बजे जब गांव के कुछ लोग घर के पीछे स्थित बांस की बाड़ी की तरफ गए, तो वहां सिद्धार्थ का शव पड़ा हुआ देखा। बच्चे के शव के पास ही एक लाल रंग की रस्सी भी पड़ी मिली है। मौके पर रस्सी मिलने के बाद परिवार के लोगों ने आशंका जताई है कि किसी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी है और शव को यहां फेंक दिया है। अपने इकलौते बेटे का शव देखते ही माता-पिता बेसुध हो गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही वीरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। मामले को लेकर वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका सही पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : सनसनी नहीं, सरोकार जरूरी; लोकप्रियता की दौड़ में जिम्मेदारी न भूले पत्रकारिता : मंत्री श्रवण कुमार






