अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले की सड़कों पर बेखौफ घूमने वाले अपराधियों, अवैध खनन माफियाओं और काम में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के लिए अब समय बदल गया है। बुधवार को एसपी ऑफिस के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी मुकेश लुनायत बेहद सख्त और एक्शन मोड में नजर आए। बैठक में मौजूद पतरातु और रामगढ़ के एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, सभी अंचल निरीक्षक और थाना व ओपी प्रभारियों को संबोधित करते हुए एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस की मौजूदगी सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि आपातकालीन सेवा डायल 112 पर किसी भी नागरिक की शिकायत मिलते ही संबंधित पुलिस पदाधिकारी अधिकतम 9 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर रिस्पॉन्स दें।
आम लोगों के काम अटकाए तो होगी कार्रवाई, 5 दिन में होगा पासपोर्ट वेरिफिकेशन
बैठक के दौरान एसपी ने आम नागरिकों को थाने से मिलने वाली सुविधाओं को लेकर संवेदनशीलता दिखाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सत्यापन जैसे कामों के लिए लोगों को थानों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए हर हाल में 5 दिनों के भीतर वेरिफिकेशन पूरा कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दें। इसी तरह चरित्र और सेवा सत्यापन के साथ ही पीजी पोर्टल और जन शिकायत कोषांग में आने वाले आवेदनों का बिना किसी देरी के निपटारा करने को कहा गया है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर एसपी ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि बलात्कार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े संवेदनशील मामलों की जांच 60 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी कर आरोपियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज करें।
जेल से बाहर आए अपराधियों की बनेगी कुंडली, पुराने मामलों की खुलेगी फाइल
जिले में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसने के लिए एसपी मुकेश लुनायत ने थानेदारों को नई रणनीति के साथ काम करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि हाल के दिनों में जो भी अपराधी जेल से जमानत पर बाहर आए हैं, उनका भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। यदि कोई अपराधी दोबारा किसी गलत गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत निरोधात्मक कार्रवाई की जाए और डीसीबी शाखा के माध्यम से सीसीए और गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने के प्रस्ताव पर काम हो। इसके साथ ही एसपी ने थानों में धूल फांक रही दो, तीन और पांच साल पुरानी फाइलों को बाहर निकालने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि लंबित कांडों की कारण सहित अलग-अलग सूची तैयार कर उनका त्वरित निष्पादन करें और अक्टूबर महीने में जितने मामले दर्ज हुए हैं, नवंबर में उससे ज्यादा मामलों का निपटारा करके दिखाएं।
छिनतई गिरोह, अवैध खनन और शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
शहरी और ग्रामीण इलाकों में राहगीरों से होने वाली चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इन मामलों का जल्द से जल्द खुलासा करने और पुराने दागियों का सत्यापन करने को कहा है। जिले में अवैध खनन और अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नियमित रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा गैर-तामिला वारंट, स्थायी वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाते हुए फरार चल रहे अपराधियों को योजनाबद्ध तरीके से सलाखों के पीछे भेजने की हिदायत दी गई है।
अब तकनीक बनेगी पुलिस का सबसे बड़ा हथियार, फोरेंसिक जांच पर रहेगा जोर
अपराधियों को कोर्ट से सजा दिलाने के लिए एसपी ने पुलिसिंग को पूरी तरह हाईटेक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सात साल से अधिक सजा वाले सभी गंभीर अपराधों में फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जाएं। अनुसंधान के दौरान साक्ष्य संकलन के लिए ई-साक्ष्य एप का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सीसीटीएनएस पोर्टल पर रियल टाइम डेटा एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नैटग्रिड परियोजना के तहत मिले गांडीव और सुदर्शन जैसे आधुनिक एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर अपराधियों का सुराग लगाने को कहा गया। बैठक के अंत में एसपी ने मालखाना के प्रभार का निपटारा करने, कोर्ट से प्राप्त परिवाद पत्रों पर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और एससी-एसटी व आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : नवविवाहित बेटी को तानों ने तोड़ा या जहर ने ली जान? शादी के साल भर बाद निकहत की मौत






