अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : दरभंगा और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। अब गंगवारा स्थित 100 बेड वाले अस्पताल भवन के आधे हिस्से में सदर अस्पताल का संचालन भी शुरू किया जाएगा। बुधवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद अब एक ही परिसर में कैंसर के मरीजों के साथ-साथ आम बीमारियों और इमरजेंसी के मरीजों का भी इलाज हो सकेगा। तय योजना के मुताबिक, अस्पताल भवन के दाहिने हिस्से में पहले की तरह होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर की ओर से सिर, मुंह और गर्दन के कैंसर का इलाज जारी रहेगा। वहीं, भवन के बाएं हिस्से में सदर अस्पताल की सेवाएं शुरू की जाएंगी।
DMCH पर कम होगा मरीजों का दबाव, स्थानीय स्तर पर मिलेगा बेहतर इलाज
दरभंगा जिले में अब तक सदर अस्पताल की सुविधा अलग से सक्रिय न होने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों से गंभीर मरीजों को सीधे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी DMCH रेफर कर दिया जाता था। खासकर हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी, सड़क दुर्घटना और हार्ट अटैक जैसे मामलों में मरीजों को डीएमसीएच ले जाना पड़ता था, जिससे वहां बेड और डॉक्टरों पर अतिरिक्त दबाव बना रहता था। गंगवारा में सदर अस्पताल शुरू होने से जिले में सेकेंडरी लेवल की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। इससे मरीजों को अपने ही इलाके में समय पर और जरूरी इलाज मिल सकेगा और डीएमसीएच में होने वाले अनावश्यक रेफरल पर भी लगाम लगेगी।
2 करोड़ रुपये होंगे खर्च, सहमति से बंटा अस्पताल
इस अस्पताल भवन के निर्माण को नवंबर 2019 में दरभंगा की आबादी और बाढ़ जैसी आपदाओं को देखते हुए मंजूरी दी गई थी। बाद में जनवरी 2024 में कैबिनेट ने इसे 10 साल के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल को सौंपने का निर्णय लिया था और मार्च 2024 में इसके लिए एमओयू भी हुआ था। भवन का मालिकाना हक राज्य सरकार के पास है, जबकि रखरखाव की जिम्मेदारी संस्थान के पास है। हाल ही में जिला स्वास्थ्य समिति और कैंसर संस्थान की संयुक्त बैठक में भवन को दो हिस्सों में बांटकर दोनों अस्पताल चलाने पर सहमति बनी। राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन’ लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सदर अस्पताल के संचालन पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसे अगले वित्तीय वर्ष में और बढ़ाया जाएगा। अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों और पारा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति होने तक स्वास्थ्य विभाग प्रतिनियुक्ति पर कर्मियों को तैनात कर इलाज शुरू कराएगा।
इसे भी पढ़ें : सम्राट कैबिनेट की बैठक में 14 अहम एजेंडों को ग्रीन सिग्नल, कौन-कौन से… जानें






