अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर ठगी करने वाले एक बड़े इंटरनेशनल गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। टीम ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 16 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता समेत 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 37 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पटना के साइबर थाने में इस मामले को लेकर कांड संख्या 1529/26 दर्ज कर ली गई है।
पटना से रांची तक फैला था जाल, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा
STF ने पटना के 7, दिल्ली के 3, कोलकाता के 2, प्रयागराज के 2, गाजियाबाद के 1 और रांची के 1 ठिकाने पर दबिश दी। दानापुर इलाके से सरगना संदीप कुमार गुप्ता, चंगु और मंगु उर्फ मोनु कुमार को मेरेडियन के पास से पकड़ा गया, जबकि पत्रकारनगर थाना क्षेत्र से मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी और कौशल कुमार की गिरफ्तारी हुई। वहीं, रांची से लवली प्रिया को पुलिस ने दबोचा है। इस पूरे ऑपरेशन में पटना एसटीएफ और साइबर थाने के साथ रांची, दिल्ली, गाजियाबाद, प्रयागराज और कोलकाता पुलिस की टीमों ने मिलकर काम किया।
छापेमारी में कैश, जेवरात और सैकड़ों एटीएम कार्ड बरामद
तलाशी के दौरान STF को अपराधियों के ठिकानों से 22 लाख रुपये कैश, 500 ग्राम सोने के जेवरात और महंगी घड़ियां मिली हैं। इसके अलावा अलग-अलग बैंकों के 300 से ज्यादा एटीएम कार्ड, 100 से अधिक मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 6 टैब, बड़ी संख्या में सिम कार्ड, पीओएस मशीन और क्यूआर साउंड बॉक्स भी जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने 44 ऐसे म्यूल बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल ठगी के पैसे को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था। इन खातों में करीब 88 करोड़ 52 लाख रुपये जमा कराए गए थे, जिनमें से 87 करोड़ 62 लाख रुपये निकाले भी जा चुके हैं।
दुबई से चलता था सट्टेबाजी का खेल, युवाओं को बनाते थे शिकार
STF की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह www.baliexch.com जैसी सट्टेबाजी वेबसाइट और महादेवा गेमिंग एप समेत कई अन्य एप के जरिए लोगों से ठगी करता था। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर आम लोगों और खासकर युवाओं को घर बैठे मोटी कमाई का लालच दिया जाता था। गिरोह का असली नेटवर्क दुबई से विदेशी सर्वर के जरिए चलाया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय स्तर पर सारा काम व्हाट्सएप नंबरों के माध्यम से होता था। पकड़े जाने के डर से गिरोह के सदस्य लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और ठगी की रकम को कई फर्जी खातों में घुमाकर असली मालिकों तक पहुंचाते थे। पुलिस अब हिरासत में लिए गए 37 लोगों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश कर रही है।
इसे भी पढ़ें : महंगी कॉफी के नाम पर सेहत से खिलवाड़, पटना के स्टारबक्स और बरिस्ता पर छापा






