अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Chatra : झारखंड के चतरा जिले में स्थित NTPC के नॉर्थ करणपुरा पावर प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया। टंडवा स्थित प्लांट के निर्माण कार्य के दौरान कन्वेयर बेल्ट टूटने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गये।
स्ट्रक्चरल खराबी के कारण गिरा कन्वेयर बेल्ट, मलबे में दबे मजदूर
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना प्लांट के सीएचपी जेएच-1 (CHP JH-1) लोकेशन पर हुई है। यहां कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम चल रहा था और कई मजदूर जमीन से करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कन्वेयर बेल्ट का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी होने की वजह से यह बेल्ट टूटा है। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे भारी मलबे के नीचे दब गए।

NTPC प्रबंधन ने शुरू की जांच, ठेका कंपनी के थे मजदूर
दुर्घटना के बाद NTPC नॉर्थ करणपुरा प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना पर गहरा दुख जताया गया है। जन संपर्क अधिकारी की ओर से बताया गया कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रप (ThyssenKrupp) के अधीन काम कर रहे तीन श्रमिकों की जान गई है, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं। प्रबंधन ने कहा कि इस कठिन समय में NTPC परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही, हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेमंत सोरेन और गवर्नर संतोष गंगवार ने प्रकट की संवेदना
इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और गवर्नर संतोष गंगवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन के माध्यम से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की पूरी मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने मारांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
चतरा स्थित NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है।
इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 18, 2026
वहीं, राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी एक्स पर लिखा कि इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है और वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
चतरा स्थित NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है।
इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
— Governor of Jharkhand (@jhar_governor) November 18, 2026
इसे भी पढ़ें : एसपी ने थानेदारों को दिया अल्टीमेटम, बोले- 112 पर कॉल आते ही 9 मिनट में पहुंचे पुलिस






