अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के धुर्वा इलाके में मंगलवार रात एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट कर्मी की गला रेतकर हत्या कर दी। यह वारदात जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में हुई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के तिसरी निवासी 36 वर्षीय अजय कुमार दास के रूप में हुई। वो विजय कुमार दास के बेटे थे। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही गुनाहगार अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
मंगलवार 17 नवंबर की रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर धुर्वा थाना पुलिस को सूचना मिली कि जेपी मार्केट के टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक स्टाफ को किसी ग्राहक ने गले में छुरा मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। पुलिस ने घायल अजय कुमार दास को तुरंत इलाज के लिए पारस अस्पताल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने 18 नवंबर को धुर्वा थाने में कांड संख्या 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई और पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार उमाशंकर लाल का पुत्र है और वह धुर्वा के डायमंड फील्ड स्थित डीटी/210 का रहने वाला है।
हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून सने कपड़े बरामद
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 5 मार्च 2025 को धुर्वा थाने में कांड संख्या 59/25 के तहत मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना छुरा बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपी के पास से उसका मोबाइल फोन और वारदात के वक्त पहनी हुई खून से सनी शर्ट भी जब्त की गई है। इस पूरे अभियान में हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा, धुर्वा थानेदार अनिल कुमार तिवारी, सब इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह, लव कुमार और थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़ें : चतरा NTPC प्लांट हादसे में 3 मजदूरों की मौ*त, सीएम हेमंत और गवर्नर ने जताया दुख, प्रबंधन क्या बोला… जानें






