अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना एम्स के सर्जरी विभाग में तैनात रहे एक पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर युवती ने चार साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने और शादी से मुकरने के बाद जान से मारने की धमकी देने जैसी संगीन धाराएं जोड़ी गई हैं।
एम्स में इलाज के दौरान हुई थी मुलाकात, हॉस्टल बुलाकर की दरिंदगी
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि साल 2022 में उसका हाथ जल गया था, जिसका इलाज कराने के लिए वह पटना एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में गई थी। इसी दौरान उसकी जान पहचान सर्जरी विभाग में काम करने वाले आरोपी डॉक्टर से हुई। बातचीत बढ़ने पर दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने युवती को चाय पिलाने के बहाने एम्स परिसर के बॉयज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में बुलाया। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया और किसी को कुछ भी न बताने की बात कहकर उसे शांत करा दिया।
अलग अलग होटलों में बनाए संबंध, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात
आरोपी डॉक्टर यहीं नहीं रुका और शादी का वादा कर युवती को पटना के अलग अलग होटलों में बुलाने लगा। इस दौरान वह लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के मुताबिक, इसी बीच वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह बात डॉक्टर को बताई, तो आरोपी ने शादी से पहले बच्चे को रखने से मना करते हुए उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब युवती ने उस पर जल्द शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो डॉक्टर टालमटोल करने लगा और बाद में साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।
पत्नी के साथ घर पहुंचकर दी धमकी, ऑटो में हत्या की कोशिश का आरोप
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब 30 मई को आरोपी डॉक्टर अपनी पत्नी को लेकर सीधे पीड़िता के घर पहुंच गया। वहां जब युवती ने शादी का वादा याद दिलाया और पूरे मामले को सबके सामने लाने की चेतावनी दी, तो डॉक्टर भड़क गया। आरोप है कि उसने युवती और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में 26 अक्टूबर की एक और घटना का जिक्र किया है। उसका कहना है कि वह दानापुर जा रही थी, तभी रास्ते में एक ऑटो के भीतर उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि आसपास लोगों की भीड़ मौजूद थी, जिसका फायदा उठाकर वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में कामयाब रही।
जहानाबाद हो चुका है आरोपी का ट्रांसफर, जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले पर आरोपी डॉक्टर का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। वहीं, पटना एम्स के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी डॉक्टर पहले यहां कार्यरत थे, लेकिन अब उनका तबादला जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है। दूसरी तरफ, फुलवारी शरीफ थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हर पहलू से आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : दरभंगा पासपोर्ट ऑफिस का पता बदला, 23 नवंबर से कहां होगा कामकाज… जानें




