अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन हमें त्याग, साहस, सेवा और मानवता की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है, इसलिए उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ होना चाहिए। सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित हाई लेवल मीटिंग में यह बात कही। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि इस बार का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की तरह ही ऐतिहासिक और यादगार होना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु बिहार से एक सुखद अनुभव लेकर लौटें। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। आगामी 9 से 16 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस महोत्सव के लिए राज्य सरकार ने ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ का थीम स्लोगन तय किया है।
श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी, बढ़ाई जाएंगी ट्रेन और फ्लाइट्स
सीएम सम्राट चौधरी ने बैठक में जोर देकर कहा कि बाहर से आने वाले किसी भी श्रद्धालु को यात्रा, ठहरने, भोजन या इलाज को लेकर कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए अतिरिक्त रेलवे, हवाई और बस सेवाओं के संचालन हेतु केंद्र और अन्य राज्य सरकारों के साथ अभी से समन्वय स्थापित किया जाए। सीएम ने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कड़ी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय पर काम पूरा करने और तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने का आदेश दिया है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
बिहार है तैयार!
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन ऐतिहासिक, भव्य और दिव्य स्वरूप में किया जाएगा।
9 से 16 जनवरी, 2027 तक आयोजित होने वाले इस पावन पर्व में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत, आवासन, भोजन एवं परिवहन की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी, 10 हजार की क्षमता वाला दीवान हॉल, लंगर सहित तमाम सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
गुरु साहिब के त्याग, साहस, सेवा और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचे, यही हमारा संकल्प है।
जी आयां नूं!
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 21, 2026
20 हजार लोगों के लिए बनेगी टेंट सिटी, गंगा किनारे सजेगा भव्य दीवान हॉल
श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए सरकार पटना में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचा तैयार करने जा रही है। योजना के मुताबिक, लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अत्याधुनिक टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा गंगा नदी के किनारे करीब 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला एक विशाल दीवान हॉल भी बनाया जाएगा, जहां लंगर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। बाहर से आने वाले लोगों को शहर के रास्तों और कार्यक्रमों की सटीक जानकारी देने के लिए सरकार ने एक विशेष मोबाइल ऐप भी विकसित किया है।
कंगन घाट पर 1000 ड्रोन का शो और सिख इतिहास की लगेगी प्रदर्शनी
प्रकाश पर्व के दौरान आस्था के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और इतिहास की झलक भी देखने को मिलेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन की मदद से एक भव्य ड्रोन शो का आयोजन होगा, जबकि 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास शानदार आतिशबाजी की जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ने के लिए एक विशेष फोटो गैलरी और प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इसे भी पढ़ें : PM ने दिया 34 हजार करोड़ का महापैकेज, सीएम सम्राट बोले- ‘विकसित भारत’ और ‘समृद्ध बिहार’ का सपना हो रहा साकार




