अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के संताल आदिवासी समाज की आस्था के सबसे बड़े केंद्र और ऐतिहासिक तीर्थ स्थल लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में आयोजित होने वाले राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सीएम हेमंत सोरेन को इस भव्य महोत्सव में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मुलाकात कर उन्हें इस धार्मिक और सांस्कृतिक समागम का न्योता दिया। इस दौरान बोकारो जिले के आला अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं का पूरा ब्यौरा सीएम के सामने रखा।
22 से 24 नवंबर तक बोकारो के ललपनिया में सजेगा आस्था का दरबार
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित टीटीपीएस ललपनिया में आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव और अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी महासम्मेलन की गरिमा को देखते हुए आयोजन समिति के सदस्यों ने सीएम हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि वे इस पावन अवसर पर ललपनिया पहुंचकर समाज का मार्गदर्शन करें।
बोकारो डीसी और एसपी ने सीएम को दी तैयारियों की जानकारी
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान बोकारो के डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। डीसी ने सीएम हेमंत सोरेन को महोत्सव से जुड़ी सभी प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। वहीं, एसपी ने पूरे मेला क्षेत्र और पहाड़ी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए तैयार किए गए प्लान से सीएम को अवगत कराया।
सीएम ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएं
तैयारियों की समीक्षा करने और आमंत्रण स्वीकार करने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण व संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और समिति के वरिष्ठ सदस्य लुदू मांझी भी मौजूद रहे, जिन्होंने समाज की ओर से सीएम का आभार जताया।
इसे भी पढ़ें : खुली हवा में सांस लेंगे उम्रकैद के 26 कैदी, सीएम हेमंत ने रिहाई पर लगाई अंतिम मुहर




