अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सिख समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान समाज के लोगों ने सीएम हेमंत सोरेन को श्री गुरुनानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और उनके आमंत्रण के प्रति आभार व्यक्त किया।
पीपी कंपाउंड के श्री गुरुनानक स्कूल में होगा मुख्य आयोजन
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन आगामी 24 नवंबर 2026 को रांची के पी.पी. कंपाउंड स्थित श्री गुरुनानक स्कूल परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर गुरुबाणी कीर्तन, लंगर और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें शहर भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की खुशहाली और भाईचारे के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति का आग्रह किया।
सिख समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में सिख समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारी शामिल थे। इनमें झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव गगनदीप सेठी, गुरुगोविंद सिंह स्कूल के सचिव रंजीत सिंह हैप्पी और पार्षद परमजीत सिंह टिंकू मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही झारखंड सिख फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, गुरुनानक हॉस्पिटल के सदस्य राजदीप सिंह ऋषि, प्रोफेसर हरवींद्र वीर सिंह, जसपाल सिंह पंधेर, सरदार ध्यान सिंह और हरजीत सिंह सिंकी भी इस मुलाकात के दौरान उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : ललपनिया में सजेगा आस्था का दरबार, सीएम हेमंत को मिला न्योता




