अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के पत्रकारिता जगत को शनिवार को एक बड़ा झटका लगा। वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का शनिवार सुबह रिम्स (RIMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले 20 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में भर्ती होकर अपना इलाज करा रहे थे। शनिवार सुबह उनके निधन की खबर जैसे ही बाहर आई, पूरे पत्रकारिता जगत और उनसे जुड़े लोगों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को राजीव कुकरेजा का अंतिम संस्कार हरमू स्थित मुक्तिधाम में संपन्न हुआ। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन था। उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ दैनिक भास्कर के कर्मियों, शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों गणमान्य लोगों ने मुक्तिधाम पहुंचकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। हर कोई उनके शांत स्वभाव और काम के प्रति समर्पण को याद करता नजर आया।
पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति
राजीव कुकरेजा के साथ लंबे समय तक काम करने वाले सहकर्मियों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। साथियों का कहना है कि राजीव एक बेहद अनुभवी, सरल और समर्पित पत्रकार थे, जिनका यूं चले जाना पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सुबह से ही बरियातू स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों और अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटी, एक बेटा, बहन और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। दुख की इस घड़ी में तमाम शुभचिंतकों ने परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
24 नवंबर को होगा उठाला व रस्म पगड़ी
दिवंगत पत्रकार राजीव कुकरेजा की आत्मशांति और स्मृति में 24 नवंबर को उठाला व रस्म पगड़ी का कार्यक्रम रखा गया है। यह आयोजन दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बरियातू के चेशायर होम मार्ग स्थित उनके निवास स्थान (फ्लैट नंबर 1A, लक्ष्मी नारायण अपार्टमेंट) में होगा। इस अवसर पर परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, पत्रकार साथी और शुभचिंतक एकत्रित होकर दिवंगत आत्मा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसे भी पढ़ें : तूफान ‘अकवान’ से झारखंड में ठंड और बारिश का डबल अटैक, आज 7 जिलों में अलर्ट




