अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची स्थित CCL मुख्यालय दरभंगा हाउस का माहौल इन दिनों कुछ बदला-बदला सा नजर आया। आमतौर पर कोयले के उत्पादन और ऑफिस की फाइलों की गंभीर चर्चाओं में मशगूल रहने वाला यह परिसर दो दिनों तक रंगों, सुरों और युवाओं की रचनात्मकता से सराबोर रहा। मौका था सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का, जहां ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संदेश देने के लिए भाषणों का सहारा नहीं लिया गया, बल्कि कला को जरिया बनाया गया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी से आए चार हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स और आम लोगों ने शिरकत की। लोग कैनवास पर उभरती आकृतियों के पास ठहरते रहे और कलाकारों से उनकी पेंटिंग के पीछे छिपी कहानी पूछते नजर आए।
कैनवास और सड़क पर उतरी कलाकारों की कल्पना
महोत्सव के दौरान आयोजित लाइव पेंटिंग वर्कशॉप ने दरभंगा हाउस को एक खुली आर्ट गैलरी में बदल दिया। CCL के CC&PR विभाग के महाप्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि इस खास आयोजन के लिए 35 से ज्यादा नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। इनमें कोलकाता, मुर्शिदाबाद, जमशेदपुर और धनबाद के 10 सीनियर कलाकार भी शामिल थे। इन कलाकारों ने अपनी कूची और रंगों के तालमेल से कैनवास पर ईमानदारी और पारदर्शिता की गंभीर तस्वीरें उकेरीं। इतना ही नहीं, परिसर की सड़कों को भी कलाकारों ने अपना कैनवास बना लिया। स्ट्रीट पेंटिंग के दौरान जमीन पर ब्रश चलाते कलाकारों को देखने के लिए राहगीरों के कदम खुद-ब-खुद थमते रहे और हर कोई इस अनूठे प्रयोग की तारीफ करता दिखा।
युवाओं के जोश ने प्रतियोगिताओं में भरे नए रंग
इस महोत्सव की सबसे खास बात यह रही कि CCL प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने के लिए रंग, ब्रश और अन्य जरूरी सामग्री खुद उपलब्ध कराई। संसाधनों की चिंता दूर होने से रांची के शिक्षण संस्थानों से आए 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। युवाओं ने रंगोली के जरिए नैतिक मूल्यों की आकृतियां बनाईं, तो फेस पेंटिंग में अपने साथियों के चेहरों को ही जागरूकता का माध्यम बना लिया। पॉट पेंटिंग में साधारण से दिखने वाले मिट्टी के गमले युवाओं की कल्पना से खूबसूरत कलाकृतियों में बदल गए। दूसरी तरफ, सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुरीली आवाज ने पूरे माहौल को संगीतमय कर दिया। निर्णायकों की टीम भी हर प्रस्तुति और कलाकृति के रंग संयोजन और विषय की गहराई को बारीकी से परखती रही।
नारी शक्ति वंदन में महिला कर्मियों के योगदान को मिला सम्मान
रंगों और संगीत के बीच महोत्सव के पहले दिन की शाम CCL की महिला कर्मियों के नाम रही। ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के तहत अपने कार्यक्षेत्र में समर्पण और बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इस समारोह में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि मंडल की अन्य सदस्य विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। कला, संस्कृति और सम्मान के इस संगम ने यह संदेश दिया कि जब समाज और कार्यस्थल पर ईमानदारी के साथ सबकी भागीदारी सुनिश्चित होती है, तभी सही मायने में समृद्धि का रास्ता खुलता है।
इसे भी पढ़ें : काम और जिम्मेदारियों के बीच सेहत भूली 154 महिलाओं व बुजुर्गों का भला कर गया CCL




